चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी में दम तोड़ रहे कोर्सेज में कोरोना ने भरी जान, दाखिले के लिए आवेदनों की बहार
इस बार उर्दू के लिए 113, चाइनीज कोर्स के लिए 57, जर्मन के लिए 188 और फ्रेंच कोर्स के लिए 378 आवेदन पीयू को मिले हैं यानी जहां सीटें खाली रहती थीं अब उन कोर्सेज में दाखिले के लिए मारामारी रहेगी। स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पीयू को अब तक 7073 आवेदन मिले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी में दम तोड़ रहे पाठ्यक्रमों में कोरोना ने जान फूंक दी। उर्दू के सर्टिफिकेट कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदनों की संख्या 113 तक पहुंच गई है। वहीं डिप्लोमा इन फ्रेंच व एडवांस डिप्लोमा इन फ्रेंच में भी काफी आवेदन आए हैं। डिप्लोमा इन चाइनीज व एडवांस डिप्लोमा इन चाइनीज में भी बहार आ गई है। कई अन्य कोर्सेज में भी विद्यार्थियों की दाखिले के लिए भीड़ उमड़ी है। जानकारों का कहना है कि कोरोना के कारण विद्यार्थी अपने घरों के आसपास ही दाखिला लेना चाहते हैं, इसलिए वह बाहर नहीं गए और यहां दाखिले के लिए आवेदन किए हैं।
आंकड़े बताते हैं... इस बार खूब मिले आवेदन
दो साल पहले के आंकड़ों को देखें तो उर्दू से डिप्लोमा कोर्स में 32 सीटों के लिए महज पांच आवेदन आए थे। इसी तरह डिप्लोमा इन चाइनीज में 33 सीटों के लिए चार, एडवांस डिप्लोमा इन चाइनीज में 28 सीटों के लिए दो विद्यार्थियों ने आवेदन किए थे। डिप्लोमा इन फ्रेंच में 55 सीटों के लिए 16, एडवांस डिप्लोमा इन फ्रेंच की 32 सीटों के लिए पांच विद्यार्थियों ने आवेदन किए थे।
कुछ अन्य स्नातक सर्टिफिकेट व डिप्लोमा कोर्सेज में भी आवेदन कम मिले थे, लेकिन इस बार काफी संख्या में आवेदन मिले हैं। चाहे वह उर्दू हो या फिर फ्रेंच या चाइनीज के लिए। उर्दू के लिए 113, चाइनीज कोर्स के लिए 57, जर्मन के लिए 188 और फ्रेंच कोर्स के लिए 378 आवेदन पीयू को मिले हैं यानी जहां सीटें खाली रहती थीं अब उन कोर्सेज में दाखिले के लिए मारामारी रहेगी। स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पीयू को अब तक 7073 आवेदन मिले हैं।
परास्नातक कोर्सेज में भी इस बार उम्मीदें जगीं
पिछले वर्षों में एमए अर्थशास्त्र की 85 सीटों के लिए 27 आवेदन पीयू को मिले थे। इसी तरह एमटेक पॉलीमर की 20 सीटों के लिए एक, एमई फूड टेक्नोलॉजी की 11 सीटों के लिए छह, एमएससी इंडस्ट्रियल केमेस्ट्री की 19 सीटों के लिए दो, एमई केमिकल की 22 सीटों के लिए सात, एमएससी ह्यूमन जिनोम की 17 सीटों के लिए छह, एमएससी सिस्टम बायोलॉजी की 15 सीटों के लिए दो और एमए पब्लिक हेल्थ की 19 सीटों के लिए 13 आवेदन मिले थे। कई अन्य परास्नातक कोर्सेज को भी सीटों की संख्या के मुताबिक छात्र नहीं मिले थे। इस बार उम्मीद की जा रही है कि परास्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए अच्छे आवेदन मिलेंगे। तमाम कोर्स के लिए आवेदन आ भी गए हैं।
इन कोर्सेज में रहती है दाखिले के लिए मारामारी
एमएससी फिजिक्स, बॉटनी, जूलॉजी के अलावा पांच वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम, बीकॉम ऑनर्स, बीए ऑनर्स, यूबीएस, एमए समाजशास्त्र, एमए मनोविज्ञान आदि विभागों में दाखिले के लिए मारामारी रहती है। सीटों की संख्या से कई गुना अधिक आवेदन विभागों को मिलते हैं।
महामारी के दौर में स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदनों की संख्या इस बार काफी रही है। दाखिले समय से हो रहे हैं और पूरे नियमों का ख्याल रखा गया है। -प्रो. वीआर सिन्हा, डीयूआई पीयू