सरकारी स्कूलों में भरो कैशलेस फीस और जीतो ढेरों इनाम
डेबिट या क्रेडिट कार्ड से फीस भरो और ढेरों ईनाम पाओ। यूटी शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में कैशलेस सिस्टम को प्रमोट करने के लिए नई स्कीम शुरू करेगा। ई पेमेंट से फीस भरने पर स्टूडेंट्स के लिए हर तीन महीने बाद लकी ड्रा निकाला जाएगा।
स्टूडेंट्स को कैश अवार्ड के साथ और भी कई तरह के इनाम दिए जाएंगे। शहर के 90 हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में ई पेमेंट सिस्टम शुरू करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से बैंकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जनवरी के अंत तक स्वाइप मशीनें मिलने की उम्मीद है। शहर के 110 में से 90 स्कूलों में 9वीं से 12वीं क्लास तक फीस जमा होती है। हर तीन महीने बाद स्टूडेंट्स से फीस ली जाती है।
विभाग से मिली जानकारी अनुसार स्कूलों में फीस की अंतिम किस्त बची हुई है। विभाग द्वारा फिलहाल कैश से भी फीस भरने का विकल्प रखा गया है। लेकिन अगले सत्र से सभी स्कूलों में पूरी तरह कैशलेस ही फीस भरी जाएगी। शिक्षा विभाग प्राइवेट स्कूलों को भी कैशलेस फीस सिस्टम लागू करने के लिए चिट्ठी लिखेगा।
स्कूल,कालेज कैंटीन में होगी स्वाइप मशीन
1 लाख स्टूडेंट करेंगे जागरूक
यूटी प्रशासन ने कैशलेस सिस्टम को प्रमोट करने के लिए सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों को ब्रांड अंबेसडर बनाने का फैसला लिया है। जानकारी अनुसार शिक्षा विभाग पहले सभी स्कूलों से कुछ टीचर्स को ट्रेंड करेगा।
ट्रेनिंग लेने वाले टीचर्स अपने स्कूल में विभिन्न वर्कशॉप के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने घर और पास पड़ोस के लोगों को ई पेमेंट के लिए जागरूक करना होगा।
शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को सभी स्कूलों में एसबीआई बैंक की ओर से प्रिंट पर्चे 6 से 10वीं क्लास के विद्यार्थियों से भरवाने के लिए दिए हैं। स्टूडेंट्स को पर्चे पर अभिभावकों से हस्ताक्षर करवाने होंगे।
स्कूल,कालेज कैंटीन में होगी स्वाइप मशीन
कैशलेस सिस्टम को प्रमोट करने के लिए यूटी प्रशासन का शैक्षणिक संस्थानों पर अधिक फोकस है। जानकारी अनुसार यूटी प्रशासन शहर के सभी कॉलेज और स्कूलों की कैंटीन में भी ई पेमेंट सिस्टम की सुविधा देना। सभी दुकानदारों को ई पेमेंट का विकल्प देना होगा। इस संबंध में बैंकों से बातचीत चल रही है।
प्रशासन के कैशलेस अभियान को स्कूलों में भी पूरी तरह लागू किया जाएगा। यूटी के 90 स्कूलों के लिए बैंक से स्वाइप मशीन उपलब्ध कराने को कहा गया है। कैशलेस को प्रमोट करने के लिए विभाग ई पेमेंट से फीस भरने वाले स्टूडेंट्स के लिए लकी ड्रा निकालेगा। -रूबिंदरजीत सिंह बराड़, डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन चंडीगढ़