नामांकन के बाद डीएवी कॉलेज के बाहर स्टूडेंट्स ने किया हंगामा, पुलिस ने दौड़ा दौड़ाकर पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में शुक्रवार को नॉमिनेशन भरने के बाद छात्र संगठनों ने शक्ति प्रदर्शन किया। सोई, एनएसयूआई, एबीवीपी, इनसो, जीजीएसयू, एचएसए, एचपीएसयू और हिमसू के स्टूडेंट्स ने कॉलेज के बाहर सड़क जाम कर हुड़दंगबाजी की।
इस दौरान स्टूडेंट्स ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर हूटिंग की और छात्रों की तरफ से एक-दूसरे के लिए अभद्र इशारे भी किए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठियां भांजी और स्टूडेंट्स को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
हुआ यूं कि दोपहर करीब 1.00 बजे कई छात्रों ने कॉलेज के मेन गेट की दीवार पर चढ़कर नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इस दौरान लड़कियों ने भी जोरदार नारेबाजी की। हूटिंग करते हुए एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया। करीब 30 मिनट तक चली हुड़दंगबाजी को रोकने के लिए पुलिस पहुंची और छात्रों को खदेड़ने के लिए बल प्रयोग किया।
इस दौरान पुलिस कर्मियों ने दीवारों पर चढ़े स्टूडेंट्स को नीचे उतारा और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कई छात्र नेता व छात्र पुलिस की लाठियों का शिकार हुए। इस लाठीचार्ज के महज 10 मिनट बाद स्टूडेंट्स ने फिर डीएवी कॉलेज के मेन गेट से आगे जाकर सड़क जाम कर दिया और हूटिंग करने लगे।
करीब 20 मिनट तक हूटिंग व नारेबाजी का सिलसिला चलता रहा। इस नारेबाजी के बीच में दो छात्र यूनियन के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस पहुंची और स्टूडेंट्स को खदेड़ा।
हंगामें के बाद पुलिस ने की बैरिकेडिंग
डीएवी कॉलेज में हंगामा होने के बाद पुलिस ने कॉलेज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। कॉलेज के दोनों ओर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर स्टूडेंट्स की गाड़ियों को एंट्री करने से रोका। किसी तरह की हुड़दंगबाजी से बचने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने पुलिसकर्मियों की रेगुलर तैनाती की है। पुलिस ने कॉलेज के पास खड़ी गाड़ियों की चेकिंग की। पुलिसकर्मियों को चेकिंग करते देख कई स्टूडेंट्स गाड़ी लेकर फरार हो गए।
स्टूडेंट्स ने उड़ाए स्टीकर्स, गाली-गलौज भी हुई
डीएवी कॉलेज के बाहर स्टूडेंट्स अपनी अपनी पार्टी के साथ शोरशराबा करते दिखे। एनएसयूआई, एचपीएसयू, सोई ने रैली निकाली। सभी पार्टीज ने जमकर प्रिंटेड स्टिकर उड़ाए और गाड़ियों से बाहर निकल-निकल कर कॉलेज स्टूडेंट्स को अपनी पार्टी के लिए वोट देने की अपील की। हूटिंग के शोर के बीच स्टूडेंट्स गाली-गलौज भी करते दिखाई दिए।