अब सीधे खाते में पहुंचेगी पॉलीटेक्निक छात्राओं की प्रोत्साहन राशि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के राजकीय व अनुदानित पॉलीटेक्निक कॉलेजों में पढ़ने वाली मेधावी छात्राओं को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान अब सीधे उनके बैंक अकाउंट में किया जाएगा। इसके लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग ने शासन से अनुमति मांगी है।
पॉलीटेक्निक कॉलेजों में छात्राओं की घटती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार ने तकनीकी शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ाने को ‘सक्षम बालिका-संपन्न परिवार योजना’ शुरू करने की घोषणा की थी।
इसके तहत पॉलीटेक्निक की मेधावी छात्राओं को चेक के जरिये प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय किया गया था। कई कॉलेजों के प्रिसिंपलों का सुझाव था कि चयनित छात्राओं में से बहुत सी ऐसी भी हैं, जिनका बैंक में अकाउंट ही नहीं खुला है।
इसे देखते हुए प्राविधिक शिक्षा विभाग ने प्रिंसिपलों को निर्देश दिया है कि वे सभी छात्राओं का बैंक अकाउंट संबंधित कॉलेजों से संबद्ध बैंकों में खुलवा कर उसी में उनकी प्रोत्साहन राशि का भुगतान करवाएं।
पांच साल के लिए लागू होगी ये योजना
‘सक्षम बालिका-संपन्न परिवार योजना’ को पांच साल के लिए ही लागू किया गया है। इस पर आने वाले खर्च को संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की प्रवेश परीक्षाओं से होने वाली आय से वहन किया जा रहा है।
इस संबंध में जारी शासनादेश के मुताबिक पांच साल बाद योजना की समीक्षा की जाएगी। फिर तय किया जाएगा कि इसे चालू रखा जाए या नहीं।
प्राविधिक शिक्षा के निदेशक ओपी वर्मा कहते हैं कि प्रिंसिपलों के सुझावों को देखते हुए यह बदलाव किया जा रहा है। इससे सभी छात्राओं का बैंक अकाउंट खुल जाएगा। शासन से अनुमति मिलते ही नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
यह राशि उन्हीं छात्राओं को मिलेगी, जिन्होंने पहले प्रयास में ही सभी विषयों की परीक्षा पास कर ली हो। सभी पॉलीटेक्निक कॉलेजों की वार्षिक परीक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी इसका लाभ मिलेगा।