के आर मंगलम स्कूल को फीस बढ़ोतरी वापस लेने का आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार ने फीस बढ़ोतरी को लेकर रोहिणी स्थित डीपीएस स्कूल, कालका पब्लिक स्कूल, जीडी सालवान (मयूर विहार) पर शिकंजा कसने के बाद अब विकासपुरी स्थित के.आर मंगलम वर्ल्ड स्कूल के खिलाफ शिकंजा कसा है। सरकार ने के.आर मंगलम को बढ़ी हुई फीस लौटाने का आदेश दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री से इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल के इस सत्र में दस फीसदी इजाफा करने की शिकायत की थी। अभिभावकों ने अपनी शिकायत में फीस बढ़ाने के बदले पर्याप्त सुविधाएं न देने की शिकायत भी की। इस शिकायत के बाद शिक्षा निदेशालय ने स्कूल प्रबंध कमेटी को इस आदेश का पालन करते हुए इसकी रिपोर्ट सात दिन के भीतर देने को कहा है।
अतिरिक्त शिक्षा निदेशक (एक्ट-1) आशिमा जैन की ओर से फीस बढ़ोतरी का वापस लेने का आदेश जारी करते हुए कहा है कि बिना शिक्षा निदेशालय की अनुमति के अभिभावकों से किसी प्रकार की फीस नहीं ले सकते हैं। यदि स्कूल फीस बढ़ोतरी का आदेश वापस नहीं लेता तो दिल्ली स्कूल एजुकेशन एक्ट एंड रूल्स 1973 के प्रावधानों के मुताबिक स्कूल पर कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों की शिकायत
मालूम हो कि अभिभावकों ने मुख्यमंत्री को अपनी शिकायत में कहा कि स्कूल हर साल फीस में बढ़ोतरी करता है लेकिन उसके मुताबिक सुविधाएं नहीं दी जातीं। शैक्षणिक सत्र 2016-17 के लिए स्कूल ने फीस में 10 फीसदी का इजाफा किया। स्कूल प्रिंसिपल व स्कूल चेयरमैन को फीस बढ़ोतरी वापस लेने का बार-बार आग्रह किया लेकिन स्कूल ने फीस बढ़ोतरी वापस नहीं ली। स्कूल में सही तरीके से एसी काम नहीं करते, पानी की सुविधा ठीक नहीं, आर्ट एंड क्राफ्ट के नाम पर सालाना 1700 रुपये लिए जाते हैं। इतना ही नहीं, यहां तक कहा गया कि स्कूल प्रशासन बढ़ी फीस नहीं देने वाले बच्चों को धमकाता है।