अच्छी खबर: टेक्निकल विवि ने घटा दी परीक्षा फीस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर ने वार्षिक परीक्षा शुल्क में 50 फीसदी की कटौती कर दी है। टेक्निकल यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ने शुल्क कटौती की अधिसूचना भी जारी कर दी है। इससे प्रदेश के तकनीकी कॉलेजों में शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।
विवि ने बीते माह प्रति सेमेस्टर परीक्षा शुल्क में 500 रुपये, जबकि परीक्षा केंद्र के लिए 10 हजार और 5 हजार रुपये की अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी की थी। बोर्ड ऑफ गवर्नर की बैठक में नए परीक्षा शुल्क के प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी। नए फरमान के अनुसार तकनीकी कॉलेजों में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्रों से प्रति सेमेस्टर 2000 रुपये परीक्षा शुल्क वसूलने की तैयारी थी।
इससे पहले प्रति सेमेस्टर परीक्षा शुल्क 1500 रुपये था। टेक्निकल यूनिवर्सिटी से प्रदेश के हजारों विद्यार्थी संबंधित कॉलेजों में बीटेक, बी-फार्मेसी, एमबीए, एमटेक, एम-फार्मा की पढ़ाई कर रहे हैं। परीक्षा शुल्क में कटौती से 45 से अधिक कॉलेजों के छात्रों को बड़ी राहत मिली है।
इस शुल्क में नहीं किया कोई बदलाव
प्राइवेट कॉलेजों को हर वर्ष अपने यहां परीक्षा केंद्र स्थापित करने के लिए 40 हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। अपना परीक्षा केंद्र न होने पर संबंधित कॉलेज के छात्रों को दूसरे कॉलेजों में परीक्षा देनी पड़ेगी। इसके लिए 25 हजार खर्च करने होंगे।
पहले परीक्षा केंद्र की मंजूरी को 30 हजार और अन्य कॉलेजों में परीक्षा देने के लिए 20 हजार रुपये खर्च करने पड़ते थे। नए फैसले के बाद अब परीक्षा केंद्र के लिए 10 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे। अन्य कॉलेजों में परीक्षा के लिए संबंधित कॉलेज प्रबंधन को पांच हजार रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे।
जेईई और एचपीसीईटी को बराबर तरजीह
प्रदेश तकनीकी विवि ने इस बार होने वाले हिमाचल प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (एचपीसीईटी-2016) को जेईई के बराबर तरजीह दी है। यूनिवर्सिटी अब 50 फीसदी सीटें जेईई से भरेगी, जबकि शेष 50 फीसदी एचपीसीईटी से भरी जाएंगी। बीते साल कई स्टूडेंट्स टॉपर होने के बावजूद कॉलेजों में प्रवेश से वंचित रहे, जबकि जेईई में कम अंक लेने वालों को प्रवेश मिल गया था। इस बार व्यवस्था बदल दी गई है।
'टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर ने एग्जाम फीस में 50 फीसदी की कटौती की है। कम की गई फीस की नोटिफिकेशन जारी कर दी है।'- विनय कुमार, रजिस्ट्रार, हिप्र टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर।