डीयू दाखिला: एसओएल में केवल ऑन लाइन दाखिले का विकल्प
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 के अंतर्गत एसओएल (स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग) में इस बार छात्रों को केवल ऑन लाइन दाखिले का विकल्प मिलेगा। ऑफ लाइन दाखिले की व्यवस्था इस बार समाप्त की जा रही है। केवल बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) व ईओसी (इक्वल अपॉरच्यूनिटी सेल, दिव्यांग) के छात्रों को ही ऑफ व ऑन लाइन दाखिले का विकल्प मिल सकता है। बीते साल की तरह ही बैंक से ही फीस भुगतान करने की सुविधा होगी। एसओएल प्रशासन ने दाखिले का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो को भेज दिया है। वहां से मंजूरी मिलते ही दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के निदेशक प्रो. सीएस दुबे ने बताया कि वर्ष 2015 में बीए आनर्स अंग्रेजी, बीए आनर्स राजनीति शास्त्र, बीकॉम आनर्स और बीकॅाम में दाखिले के लिए ऑन लाइन का विकल्प दिया गया था। जबकि बीए प्रोग्राम में ऑन लाइन व ऑफ लाइन विकल्प था। बीते साल एसओएल में कुल 1 लाख 43 हजार दाखिले हुए, जिसमें से 1 लाख 10 हजार दाखिले ऑन लाइन हुए व 33 हजार दाखिले ही ऑफ लाइन हुए।
उन्होंने कहा कि बीते साल छात्रों ने ऑन लाइन दाखिले को ही ज्यादा महत्व दिया। ऐसे में इस बार दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से ऑन लाइन होगी। केवल बीपीएल व ईओएसी(दिव्यांग) को ऑफ लाइन व ऑन लाइन दाखिले का विकल्प मिलेगा। एसओएल के उत्तरी व दक्षिणी परिसर से ऑफ लाइन फॉर्म लिए जा सकेंगे। प्रो. दुबे ने कहा कि ऑन लाइन दाखिले होने से न केवल छात्रों के पैसे व समय की बचत होगी बल्कि उनको दाखिले के लिए केंद्रों पर धक्के भी नहीं खाने पड़ेंगे।
मई के अंतिम व जून के प्रथम सप्ताह में प्रक्रिया शुरू
प्रो सीएस दुबे ने बताया कि दाखिले के लिए प्रस्ताव तैयार कर डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो को भेज दिया गया है। ब्यूरो से मई के दूसरे सप्ताह में मंजूरी मिल सकती है। मंजूरी मिलते ही मई के अंतिम सप्ताह व जून के प्रथम सप्ताह से एसओएल की दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मालूम हो कि रेगुलर कॉलेजों से ज्यादा छात्र एसओएल में ही दाखिला लेते हैं। बीते साल डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो से मंजूरी नहीं मिलने के कारण प्रक्रिया देर से शुरू हो सकी थी।