11 मई से डाउनलोड होंगें सीपीएमटी के प्रवेश पत्र
प्रदेश के राजकीय व मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेजों में संचालित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा को लेकर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी 11 मई से विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
इस वर्ष शासन ने कम्बाइंड प्री-मेडिकल टेस्ट की जिम्मेदारी अवध विश्वविद्यालय को सौंपी है। 17 मई को आयोजित यह प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 15 जिलों में 261 परीक्षा केंद्रों पर सुबह नौ से 12 बजे के बीच होगी।
परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों में एक लाख 45 हजार 784 ने शुल्क जमा कराया है। हालांकि इनमें से एक लाख 45 हजार 288 अभ्यर्थियों ने ही ऑनलाइन आवेदन पत्र भरा है। 496 अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र ऑनलाइन आवेदन संबंधी प्रक्रिया पूरी न करने के चलते निरस्त कर दिए गए हैं।
इस तरह डाउनलोड कर सकते हैं कार्ड
सीपीएमटी परीक्षा के चेयरमैन विश्वविद्यालय के कुलपति जीसीआर जायसवाल ने शनिवार को बताया कि परीक्षा के लिए कुल एक लाख 45 हजार 288 अर्ह आवेदकों में 75 हजार 961 पुरुष, 69 हजार 325 महिला व दो ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी हैं।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी एसएन शुक्ला ने बताया कि अभ्यर्थी 11 से 16 मई के बीच रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड डालकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
रजिस्टर किए गए ई-मेल पर भी 10 मई को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने संबंधी लिंक व सूचना प्रेषित की जाएगी। डाउनलोड करने पर प्रवेश पत्र की दो प्रतियां स्वत: प्रिंट होंगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र की दोनों प्रतियां लानी होंगी। जिस प्रति पर ‘सेंटर कापी’ लिखी होगी, उसे परीक्षा कक्ष में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।