दीक्षांत समारोह में हर डिग्री के लिए होगा अलग परिधान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थी अब अंग्रेजों के जमाने से पहने जा रहे रौब्स में नहीं, बल्कि पारंपरिक हिमाचली परिधानों में डिग्री लेंगे। साथ ही हर डिग्री के लिए अलग परिधान होगा। विवि कार्यकारी परिषद में इस नए बदलाव को मंजूरी मिल जाने के बाद आगे की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। ईसी राज्यपाल से इसे मंजूरी मिल जाने के बाद अब विश्वविद्यालय के एक्ट और आर्डिनेंस में शामिल कर कानूनी रूप देने की तैयारी में है।
यह ड्रेस कोड सिर्फ डिग्री लेने वाले छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि समारोह के मुख्यातिथि से लेकर गेस्ट आफ ऑनर, चांसलर, वाइस चांसलर और शिक्षा निदेशक पर भी लागू होगा। यूजी, पीजी, गोल्ड मेडलिस्ट, पीएचडी, मानद उपाधि डी लिट, डिप्लोमा गोल्ड मेडलिस्ट सभी के लिए अलग परिधान डिजाइन किए गए हैं।
दीक्षांत समारोह की डिजाइन की गई पारंपरिक लुक की ड्रेस में पहाड़ी टोपी, लोईया होगा। इसमें टोपी और लोइये की बाजू में और कॉलर में कांगड़ा, चंबा, कुल्लू सहित अन्य जिलों के चर्चित डिजाइन बने ऊनी कपड़े की पट्टी भी होगी। दीक्षांत समारोह की इस ड्रेस का डिजाइन करने के लिए विवि विजुअल आर्ट विभागाध्यक्ष प्रो. हिम चटर्जी, इतिहासकार प्रो. लक्षमण सिंह ठाकुर, म्यूजिक विभाग के प्रो. आरएस शांडिल और वूमेन स्टडी सेंटर की अध्यक्ष प्रो. ममता मोक्टा सदस्य थे।
उन्होंने हर जिले के चर्चित डिजाइन को अलग अलग डिग्री की ड्रेस के लिए तय किया। इसकी बाकायदा विवि में दो बार प्रेजेंटेशन हुई, जिसे मंजूर किए जाने के बाद ही ईसी से अंतिम मंजूरी दी गई थी। दीक्षांत समारोह में मौजूद हर अतिथि, मुख्यातिथि को सफेद, नीले, हरे व अलग रंग में लोईया (गाउन) होगा, जिसमें टोपी और शॉल के डिजाइन की पट्टी लगनी है।
इन तैयार डिजाइन को पारंपरिक हथकरघा में माहिर लोगों के हाथों से तैयार करवाने पर भी सहमति बनी थी। विवि दीक्षांत समारोह के लिए पारंपरिक लुक के करीब 450 परिधान बनवाएगा, जिसे विवि अपने दीक्षांत समारोह में इस्तेमाल करेगा। विवि के वीसी एडीएन वाजपेयी ने कहा कि अगला दीक्षांत समारोह हिमाचली परिधानों में होगा। नया ड्रेस कोड राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा गया है।
ड्रेस कोड के चलते टीएमसी का दीक्षांत समारोह स्थगित
1996 में स्थापित टांडा मेडिकल कॉलेज में पहली बार होने जा रहा दीक्षांत समारोह ड्रेस कोड को लेकर स्थगित कर दिया गया है। अब ड्रेस कोड पर निर्णय होने के बाद ही दीक्षांत समारोह की तिथि तय होगी।
ड्रेस कोड बदलने को लेकर चल रहे मामले के चलते मेडिकल कॉलेज के करीब 600 डाक्टरों को डिग्रियां लेने के लिए अब इंतजार करना पड़ेगा।
सूत्रों की मानें तो ड्रेस कोड पर निर्णय अब प्रदेश सरकार को लेना है। चूंकि, ड्रेस कोड बदलने को लेकर सरकार को पत्र राज्यपाल ने लिखा है। अब सरकार ड्रेस कोड बदलने को लेकर क्या निर्णय लेती है, इसका जवाब पत्र से राज्यपाल को भेजा जाएगा।
राज्यपाल इस पत्र को आगे हिमाचल प्रदेश विवि के वीसी को भेजेंगे। इसके बाद हिमाचल विवि टांडा मेडिकल कालेज को दीक्षांत समारोह आयोजित करवाने को लेकर अवगत करवाएगा।
इसमें ड्रेस कोड को लेकर भी जानकारी होगी। प्राचार्य अनिल चौहान ने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में पहली बार हो रहा दीक्षांत समारोह स्थगित कर दिया गया है। दीक्षांत समारोह की तिथि और मापदंड हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ही तय करता है।
दीक्षांत समारोह को लेकर हिमाचल विवि की कार्यकारी समिति की ओर से कुछ मापदंडों में बदलाव होना है। मापदंडों में बदलाव के बाद विवि मेडिकल कॉलेज टांडा को सूचित करेगा। इसके बाद ही टांडा में दीक्षांत समारोह होगा।