शिमला के बच्चे नकल मारने में सबसे आगे, अब तक 14 मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत मैट्रिक के अंग्रेजी और जमा दो के गणित के पेपर में राजधानी शिमला के बच्चे नकल मारने में सबसे आगे रहे हैं। मंगलवार को बोर्ड मैट्रिक की अंग्रेजी, जमा दो गणित और आठवीं की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में शिमला में सबसे अधिक आठ नकलची पकड़े गए हैं। वहीं, कांगड़ा में तीन, ऊना में दो और मंडी में एक मामला नकल का सामने आया है।
मंगलवार को हुई बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में तीनों कक्षाओं के विभिन्न पेपरों में करीब ढाई लाख बच्चों ने भाग लिया। उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव विनय धीमान ने बताया कि प्रदेश भर में उड़नदस्तों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उड़नदस्तों ने 14 नकल के मामले पकड़े हैं।
इन परीक्षा केंद्रों में सरेआम करवाई जा रही थी नकल
बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं के दौरान मंगलवार को गोंदपुर बनेहड़ा के परीक्षा केंद्र में सरेआम नकल करवाए जाने को लेकर एसडीएम अंब सुनील वर्मा ने नकल की सामग्री इकट्ठी कर रिपोर्ट शिक्षा बोर्ड को भेज दी है। इससे पूर्व शनिवार को भी एसडीएम वर्मा ने अंब एवं ठठ्ल परीक्षा केंद्रों में नकल को लेकर रिपोर्ट शिक्षा बोर्ड को भेजी थी। मंगलवार को दोबारा एसडीएम ने दोनों परीक्षा केंद्रों की जांच की।
एसडीएम ने गोंदपुर बनेहड़ा एवं ठठ्ल परीक्षा केंद्रों पर एक-एक छात्र को नकल करते हुए पकड़ा। एसडीएम वर्मा की टीम ने भद्रकाली, भंजाल, बेहड जस्वां एवं चुरुडू के परीक्षा केंद्र भी जांचे। एसडीएम ऊना पृथीपाल सिंह की टीम ने सनोली, संतोषगढ़ के वीरेंद्र गौतम मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कन्या विद्यालय संतोषगढ़, नंगड़ा, बसदेहड़ा, देहलां एवं बहडाला के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। टीम ने नंगड़ा परीक्षा केंद्र में एक छात्र को नकल करते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
एसडीएम हरोली धनबीर ठाकुर की अगुवाई में गठित उडनदस्ते ने पूबोवाल, हीरां, दुलैहड़, बीटन, कुंगडत, सलोह, भदसाली, ईसपुर, पंडोगा एवं पंजाबर के परीक्षा केंद्रों की जांच की। एसडीएम बंगाणा दिलेराम धीमान के नेतृत्व में गठित टीम ने सोहारी, टकोली एवं तलमेहड़ा के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उच्च शिक्षा उप निदेशक विपिन कुमार, एडीपीओ अनिल शर्मा, प्रवक्ता प्रदीप की टीम ने देहलां, बसदेहड़ा, रायपुर सहोडां, बडैहर एवं डीएवी ऊना के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
टीम ने देहलां परीक्षा केंद्र में एक छात्र को नकल करते हुए पकड़ा। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से प्रधानाचार्य देवेंद्र चंदेल के नेतृत्व में गठित टीम के सदस्यों प्रवक्ता उमेश कुमार एवं नीतू ने ऊना के बाल एवं कन्या, धमांदरी, रैंसरी कुठारकलां स्कूलों के परीक्षा केंद्रों की भी जांच की।