अगर इन हालातों में पढ़ेंगी तो कैसे बढ़ेंगी बेटियां?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की प्रगति में आधी आबादी के योगदान को अहम मानते हुए लड़कियों की शिक्षा में विशेष जोर दे रहे हैं।
उनका नारा है ‘पढ़ेंगी बेटियां तो आगे बढ़ेंगी बेटियां’। लेकिन, राज्य में जिम्मेदारों का प्रधानमंत्री की मंशा से कोई सरोकार नजर नहीं आता। कम से कम आश्रम पद्धति में संचालित राजकीय बालिका विद्यालय, लाखामंडल की दुर्दशा देखकर तो कोई भी यही कहेगा।
करीब 185 छात्राओं के विद्यालय में आठ कमरे हैं, जिनमें से छह का इस्तेमाल छात्रावास के रूप में होता है। बाकी दो में कक्षाएं संचालित होती हैं। एक कमरे में छह से आठ तक की कक्षाएं चलती हैं और दूसरे में नौ व दस की।
अब सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि छात्राएं किस प्रकार से पढ़ाई कर रही होंगी। इतना ही नहीं विद्यालय में पिछले दो वर्षों से स्कूल में प्रधानाचार्य समेत कला, संस्कृत, व्यायाम, कंप्यूटर, भूगोल के शिक्षकों के छह पद खाली हैं, लेकिन विभाग इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
छात्रावास भी बदहाल
विद्यालय का छात्रावास भी पूरी तरह बदहाल है। एक-एक कमरे में दर्जनों छात्राएं एक साथ रहने को मजबूर हैं। छात्रावास के स्नानागार में दरवाजे तक नहीं है। ऐसे में छात्राएं पर्दा लगाकर स्नान करती हैं। पानी और बिजली कनेक्शन न होने से शौचालय बंद पड़ा है।
जिस कारण छात्राओं को शौच के लिए एक किमी. दूर जंगल में जाना पड़ता है। छात्राएं लकड़ी के जिन तख्तों पर बैठकर पढ़ती हैं, उन्हीं पर बैठकर भोजन करती हैं और उन्हीं पर सो जाती हैं। छात्रावास में बैठने के लिए कुर्सियों तक की व्यवस्था नहीं है। फर्नीचर के अभाव में छात्राएं जो टाट पट्टी का इस्तेमाल करती हैं, वह भी वर्षों पुरानी हैं और फट चुकी हैं।
दो कमरों में पढ़ती हैं 185 छात्राएं
साल 1999 में लाखामंडल में छात्रावास खोला गया। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर एक भवन तैयार किया गया। जिसमें कुल आठ कमरे हैं। 1999 से आज तक विद्यालय इसी भवन में ही चल रहा है। इन आठ कमरों में से छह का इस्तेमाल छात्रावास के रूप में होता है। वहीं दो कमरों में कक्षाएं चलती हैं जबकि, छात्राओं की संख्या 185 हैं।
सुरक्षा इंतजाम नहीं
विद्यालय में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। विद्यालय के चारों ओर चहारदीवारी तक का निर्माण नहीं किया गया। जंगल से सटा होने के कारण परिसर में अक्सर जंगली जानवर आ जाते हैं। वहीं, शाम को परिसर शराबियों और अराजकतत्वों का अड्डा बन जाता है। छात्राओं ने विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की, लेकिन छात्रावास की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
स्नानागार, शौचालय और चहारदीवारी की मरम्मत के लिए 12 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। शीघ्र ही मरम्मत काम शुरू कर दिया जाएगा। छात्रावास के लिए स्वीकृत नए भवन का काम भी तेजी से चल रहा है।
- योगेंद्र रावत, सहायक निदेशक जनजातीय कल्याण
छात्रावास और विद्यालय की मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। उच्चाधिकारियों की छात्रावास की स्थिति और शिक्षकों की कमी के बारे में भी अवगत करा दिया गया है। लेकिन, विभाग की ओर से अभी कोई निर्देश नहीं मिले हैं।
- विजय मालती, प्रधानाचार्य