Mukesh Ambani: मुकेश अंबानी को अगले 5 साल के लिए प्रमुख बनाने का प्रस्ताव; रिलायंस इंजस्ट्रीज ने मांगी मंजूरी
Mukesh Ambani: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने मुकेश अंबानी को अगले पांच साल के लिए शून्य वेतन पर कंपनी का चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नियुक्त करने के लिए शेयरधारकों की मंजूरी मांगी है।
विस्तार
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने मुकेश अंबानी को अगले पांच साल के लिए शून्य वेतन पर कंपनी का चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नियुक्त करने के लिए शेयरधारकों की मंजूरी मांगी है। इसके लिए एक प्रस्ताव पेश किया गया है। नए कार्यकाल के दौरान मुकेश अंबानी (66) मुख्य कार्यकारी के पद के लिए कंपनी नियमों के तहत जरूरी 70 साल की आयुसीमा को पार कर जाएंगे। ऐसे में आगे नियुक्ति के लिए उन्हें शेयरधारकों के विशेष प्रस्ताव की जरूरत है।
शेयरधारकों की मंजूरी मांगी गई
विशेष प्रस्ताव में रिलायंस ने मुकेश अंबानी को अप्रैल 2029 तक कंपनी का चेयरमैन नियुक्त करने के लिए शेयरधारकों की मंजूरी मांगी गई है। मुकेश अंबानी रिलायंस के निदेशक मंडल में 1977 से हैं और जुलाई 2002 में अपने पिता और समूह के संस्थापक धीरूभाई अंबानी के निधन के बाद कंपनी के चेयरमैन बन गए थे।
वेतन छोड़ने का विकल्प चुना था
शेयरधारकों को भेजे गए विशेष प्रस्ताव में रिलायंस ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने 21 जुलाई, 2023 को मुकेश अंबानी को प्रबंध निदेशक के तौर पर आगे पांच साल के लिए नियुक्ति करने को मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव में कहा गया कि अंबानी ने वित्त वर्ष 2008-09 से वित्त वर्ष 2019-20 तक अपना वार्षिक पारिश्रमिक 15 करोड़ रुपये तय किया था। इसके बाद वित्त वर्ष 2020-21 के बाद से उन्होंने कोविड-19 महामारी के कारण अपना वेतन छोड़ने का विकल्प चुना था।