मुंबई: 160 करोड़ में बिका एक डुप्लेक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई में एक डुप्लेक्स अपार्टमेंट की बिक्री ने अब तक के सभी रिकॉर्डों को तोड़ दिया है। मुंबई के अल्टमाउंट रोड पर एक निर्माणाधीन लक्जरी टॉवर में स्थित इस अपार्टमेंट की बिक्री 160 करोड़ रुपये में की गई।
देश में किसी डुप्लेक्स अपार्टमेंट के लिए अदा की गई यह अब तक की सबसे बड़ी रकम है। लोधा अल्टमाउंट में इस अपार्टमेंट का क्षेत्रफल 10 हजार वर्ग फीट बताया जा रहा है। हालांकि इसके खरीदार का खुलासा अभी नहीं हुआ है, लेकिन बताया जा रहा है कि दवा कंपनी जिंदल ड्रग्स के मालिक जिंदल परिवार ने इसे खरीदा है।
गौरतलब है कि गत सितंबर में उद्योगपति साइरस पूनावाला ने यहां के ब्रीच कैंडी स्थिति पूर्व राजमहल की संपत्ति को 750 करोड़ रुपये में खरीदा था, जो कभी अमेरिकी दूतावास हुआ करता था। यह निजी आवास के लिए किया गया सबसे बड़ा सौदा था।
सुनने में आया है कि फिलहाल दक्षिण मुंबई के नेपीयन सी में रह रहे जिंदल परिवार ने मकान बदलने की योजना बनाई है। आगामी 18 माह में निर्माण कार्य के पूरा होते ही जिंदल परिवार 160 करोड़ के अपार्टमेंट में शिफ्ट हो जाएगा।
जिंदल परिवार पहले भी कर चुका है ऐसा महंगा सौदा
इसके पहले 2012 में जिंदल परिवार ने एक और महंगा फ्लैट खरीदा था जिसकी कीमत 1.20 लाख प्रति वर्ग फुट थी। हालांकि नए अपार्टमेंट की कीमत 1.6 लाख प्रति वर्ग फुट है और 160 करोड़ में से 30 फीसदी का भुगतान किया भी जा चुका है।
लोधा अल्टमाउंट के प्रवक्ता ने कहा, ‘हमें खुशी है कि हमारा प्रोजेक्ट देश में सबसे महंगा अपार्टमेंट बेचने में कामयाब रहा है। इससे साबित होता है कि यहां उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की बड़ी डिमांड है।
बताते चलें कि 40 मंजिला इस टॉवर के 34वीं और 35वीं मंजिल पर डुप्लेक्स अपार्टमेंट बने हैं। इस टॉवर में कुल 53 आवास हैं। फिलहाल 24वीं मंजिल तक का काम पूरा हो गया है और बाकी का काम अप्रैल 2017 तक पूरा होने की संभावना है।