बिक्री बढ़ाने को डेवलपर घटा रहे मकानों की कीमतें, 7 फीसदी की कर दी है कटौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के प्रमुख नौ शहरों में मकानों की कीमतें जनवरी-मार्च 2018 तिमाही में इससे पिछली तिमाही के मुकाबले औसत सात फीसदी घट गई हैं, क्योंकि बिक्री बढ़ाने के लिए डेवलपर प्रोपर्टी की कीमतों में कटौती कर रहे हैं। यह बात रियल एस्टेट रिसर्च और एनालिटिक्स कंपनी प्रॉपइक्विटी ने कही। नौ शहरों में गुड़गांव, नोएडा, मुंबई, कोलकाता, पुणे, हैदराबाद, बंगलूरू, ठाणे और चेन्नई शामिल हैं।
अनबिके मकानों की संख्या में दो फीसदी गिरावट
मकानों की बिक्री में हुए इजाफे के कारण आलोच्य अवधि में अनबिके मकानों की संख्या दो फीसदी घटकर 5,95,074 रह गई, जो अक्तूबर-दिसंबर 2017 तिमाही में 6,08,949 थी। इस दौरान मकानों की बिक्री आठ फीसदी बढ़कर 40,694 यूनिट रही, जो इससे एक तिमाही पहले 37,555 थी। प्रॉपइक्विटी ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि आलोच्य तिमाही में भारित औसत कीमत सात फीसदी घटकर 6,762 रुपये प्रति वर्गफुट से 6,260 रुपये प्रति वर्ग फुट पर आ गई।
बढ़ी नए मकानों की लांचिंग
मकानों की आपूर्ति के बारे में रिपोर्ट में कहा गया है कि नौ शहरों में 2018 की प्रथम तिमाही में नए मकानों की लांचिंग 48 फीसदी बढ़कर 25,970 यूनिट रही, जो इससे पिछली तिमाही में 17,550 यूनिट थी। इस दौरान अधिकतर डेवलपरों ने अपने कारोबार को रेरा नियम और जीएसटी के अनुरूप ढाल लिया।
प्रॉपइक्विटी के संस्थापक और सीईओ समीर जसुजा ने कहा कि हमें उम्मीद थी कि प्रथम तिमाही और उसके बाद रियल्टी बाजार में स्थिरता आने लगेगी और अब हम यह देख रहे हैं। प्रथम तिमाही में नई लांचिंग में आई उछाल के साथ हमारी उम्मीद है कि रुझान आगे भी बरकरार रहेगा। डेवलपर पीएमएवाई का ब्याज सब्सिडी लाभ लेने के लिए मध्य और किफायती आवासीय सेगमेंट पर अधिक ध्यान देंगे।
तैयार मकानों की बिक्री अधिक तेजी से होगी
जसुजा के मुताबिक उनका अनुमान है कि तैयार या करीब तैयार मकानों की बिक्री नई लांच हुई यूनिट के मुकाबले अधिक तेजी से होगी। शहरों के हिसाब से देखें, तो जनवरी-मार्च 2018 तिमाही में मकानों की बिक्री बंगलूरू में 45 फीसदी बढ़कर 8,349 यूनिट रही, चेन्नई में 71 फीसदी बढ़कर 3,101 रही, मुंबई में 12 फीसदी बढ़कर 4,197 यूनिट रही, नोएडा में 31 फीसदी बढ़कर 1,108 यूनिट रही, पुणे में सात फीसदी बढ़कर 8,509 यूनिट रही और कोलकाता में 16 फीसदी बढ़कर 2,543 यूनिट रही।
वहीं मकानों की बिक्री गुड़गांव में 60 फीसदी गिरकर 1,007 यूनिट रही, हैदराबाद में 11 फीसदी घटकर 2,631 यूनिट रही और ठाणे में छह फीसदी गिरकर 9,249 यूनिट रही। एजेंसी
नौ प्रमुख शहरों में मकानों की बिक्री की स्थिति
शहर वृद्धि या गिरावट (फीसदी में) बिके मकानों की संख्या
बंगलूरू + 45 8,349
चेन्नई + 71 3,101
मुंबई + 12 4,197
नोएडा + 31 1,108
पुणे + 7 8,509
कोलकाता + 16 2,543
गुड़गांव - 60 1,007
हैदराबाद - 11 2,631
ठाणे - 6 9,249