बदल गया इनकम टैक्स से जुड़ा नियम, तुरंत मिलेगा रिफंड
असेसमेंट वर्ष 2013-14 और 2014-15 में यदि आपको आयकर रिफंड का इंतजार है और यह रकम 50 हजार रुपये से कम है तो अब कुछ ही दिन में रिफंड जारी हो जाएगा। इस बारे में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) की तरफ से आयकर विभाग के सभी फील्ड कार्यालयों में निर्देश भेजा जा चुका है।
केन्द्रीय वित्त मंत्रालय की ओर से यहां सोमवार को जारी एक बयान के मुताबिक सीबीडीटी ने हाल ही में रिफंड की लंबित स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान पाया गया कि 50 हजार रुपये से कम के रिफंड के मामले काफी लंबित हैं।
इसलिए इन मामलों को तेजी से निबटाने के लिए सीबीडीटी ने सेंट्रल प्रोसेसिंग सेंटर, बंगलूरूऔर देश के विभिन्न हिस्से में फैले फील्ड कार्यालयों को निर्देश भेजा जा चुका है।
5,400 करोड़ से अधिक की राशि लंबित
आंकड़ों के अनुसार रिफंड के लिए 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लंबित है, जो करदाताओं के लिए बड़ी चिंता का सबब बन गई है। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि बीते दिनों राजस्व सचिव हसमुख अधिया ने जब सीबीडीटी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तो उस दौरान करदाताओं के रिफंड, खास कर छोटे करदाताओं को यथासंभव कम से कम अवधि में रिफंड जारी करने को कहा था।
इसी के बाद प्रत्यक्ष कर विभाग केअधिकारी हरकत में आए और इस बारे में निर्देश जारी हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इनकम टैक्स देने वालों की चिंता को दूर करने के लिए कदम उठाने एवं उनकी शिकायतों में कमी लाने का आह्वान किया था। इसके बाद वित्त मंत्रालय करदाता अनुकूल प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रहा है।