फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Personal Finance ›   travel insurance gives security from mishap

यात्रा के दौरान अनहोनी से सुरक्षा देता है ट्रैवल इंश्योरेंस

Mon, 19 Aug 2013 01:43 PM IST
अमित भंडारी
अमित भंडारी Updated Mon, 19 Aug 2013 01:43 PM IST
विज्ञापन
travel insurance gives security from mishap

अनहोनी कभी भी और कहीं भी हो सकती है। हम जब भी परिवार के साथ या अकेले छुट्टियां बिताने या किसी बिजनेस ट्रिप पर जाते हैं, तो हरेक जरूरी चीजों को पहले से सहेज लेते हैं। यानी, कि हम पहले से ही पूरी तैयारी से कहीं भी यात्रा पर जाते हैं।

विज्ञापन


इसके बावजूद हम चाहें कितनी भी कोशिश कर लें, अचानक होने वाली किसी अनहोनी को नहीं रोक सकते हैं। इसलिए, जहां तक संभव हो हमें अनहोनी से सुरक्षा के उपाय जरूर करने चाहिए।
विज्ञापन


‘ट्रैवल इंश्योरेंस’ यात्रा के दौरान किसी भी अनहोनी की स्थिति में अहम भूमिका अदा करता है और आपकी छुट्टियों और बिजनेस ट्रिप की सुरक्षा करता है।

मिलती हैं कई तरह की सुविधाएं
ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी ले लेने पर आप किसी भी अनहोनी या परेशानियों से तो सुरक्षित रहते ही हैं, यह आपको कई तरह की अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराता है। इसके तहत ट्रिप रद्द करने का विकल्प भी मिलता है। आपात स्थिति में मेडिकल सहायता जैसी सुविधाएं भी यह उपलब्ध कराता है। अप्रत्याशित रूप से आप पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ के जोखिम और असुविधा को कम करता है। ट्रैवल इंश्योरेंस के तहत कई तरह के कवर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्राकृतिक आपदा में होता है मददगार
छुट्टियों के दौरान तूफान, भूकंप जैसी किसी भी प्राकृतिक आपदा की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। इस तरह की प्राकृतिक आपदा के दौरान लोगों के लिए हफ्तों तक किसी स्थान से निकलना या कहीं पहुंचना लगभग असंभव हो जाता है।

ऐसी स्थितियों में, वैकल्पिक व्यवस्थाओं के अभाव में सामान्य तौर पर हवाई किराये काफी महंगे हो जाते हैं। ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी ले लेने से बीमित व्यक्ति अनेक अनावश्यक खर्चों से बच जाता है। जैसे, यदि ट्रिप को भूकंप, तूफान, बाढ़ या चक्रवात के चलते रद्द किया जाता है, तो ट्रिप रद्द होने और बाधित होने का कवर आधिकारिक कैंसिलेशन शुल्क के चलते होने वाले आर्थिक नुकसान, वास्तविक अतिरिक्त परिवहन खर्च (बीमा राशि तक) की भरपाई करता है।

ऐसी स्थिति में, यदि बीमित व्यक्ति से कनेक्टिंग फ्लाइट छूट जाती है (बशर्ते अगली फ्लाइट के उड़ान के समय में कम-से-कम तीन घंटे का अंतर हो), तो उसे आधिकारिक कैंसिलेशन शुल्क और परिवहन के अतिरिक्त खर्च की राशि (बीमा राशि तक) का भुगतान किया जाएगा। यदि प्राकृतिक आपदा जैसे भूकंप, बाढ़, तूफान या चक्रवात के चलते प्रस्थान में देरी होती है, तो बीमित व्यक्ति इमर्जेंसी होटल एक्सटेंशन के तहत लॉजिंग एवं बोर्डिंग के लिए बीमा की राशि तक के वास्तविक अतिरिक्त खर्चे के लिए भी दावा कर सकता है।

चिकित्सा सहायता भी मिलती है इसमें
छुट्टियों के दौरान यदि अचानक ऐसी स्थिति पैदा हो जाए कि आपको तत्काल अस्पताल में भर्ती होना पड़े या तुरंत घर लौटना पड़े, तो निश्चित रूप से अतिरिक्त एवं अप्रत्याशित खर्च बढ़ जाएगा। संपूर्ण ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी ले लेने से पॉलिसीधारक के न केवल अतिरिक्त खर्चों का ख्याल रखा जाता है बल्कि इसमें अच्छे अस्पताल में उपयुक्त चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाती है। यदि पॉलिसीधारक दूसरे देश में है, तो उसे निकटतम अस्पताल में ले जाने का भी प्रबंध किया जाता है।
 
फ्लाइट छूट जाने पर कम करता है मुश्किलें
यदि आपकी फ्लाइट छूट जाती है, ऐसी स्थिति में भी ट्रैवल इंश्योरेंस कवर आपकी मुश्किलें कम करता है। ट्रिप ज्वाइन करने के लिए आवश्यक परिवहन खर्च के भुगतान के अलावा, पॉलिसी में होटल के कमरे का मूल किराया, वाजिब भोजन और रिटर्न फ्लाइट या होम कंट्री के लिए समुद्री यात्रा के खर्च आदि का भुगतान शामिल होता है। हालांकि, यदि अलार्म न बजने या सोते रहने के चलते फ्लाइट या क्रूज छूट जाता है, तो ऐसी स्थिति में भुगतान का प्रावधान नहीं है।
 
राजनीतिक संकट व आपदाजनित पलायन
बीमित व्यक्ति विदेश में है और वहां आपदा (बाढ़, भूकंप, हरिकेन, विस्फोट, संक्रामक बीमारी के चलते महामारी) आ जाती है और उसके लिए वह स्थान छोड़ना अनिवार्य हो जाता है। ऐसी स्थिति में ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी घर या निकटतम सुरक्षित स्थान तक लौटने के लिए इकोनॉमी क्लास टिकट के किराये का भुगतान करती है। यदि बीमित व्यक्ति उस स्थान से बाहर निकलने में अक्षम है, तो उसके द्वारा आवास हेतु किए गए वाजिब खर्च की राशि का भुगतान किया जाता है (प्लान में बताई गई बीमा राशि के अनुसार)।

कंपैसनेट यात्रा की सुविधा का भी लाभ
यदि बीमित व्यक्ति पांच दिन से अधिक समय तक अस्पताल में भर्ती रहता है और उसे अपने साथ के लिए परिवार के किसी सदस्य की आवश्यकता होती है। ऐसे में ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी में उसके परिवार के सदस्य के लिए इकोनॉमी क्लास के हवाई टिकट का किराया दिए जाने का प्रावधान है। यदि बीमित व्यक्ति अवयस्क बच्चों के साथ यात्रा कर रहा हो और उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़े, तो बच्चों (अधिकतम 2) को घर भेजने के लिए इकोनॉमी क्लास टिकट के किराये के भुगतान का भी प्रावधान शामिल है।

आतंकी हमले में भी मिलता है सुरक्षा कवर
आतंकवाद का दायरा तमाम कोशिश के बावजूद दुनिया में बढ़ रहा है। आतंकवादी हमले का प्रभाव बहुत बड़ा होता है। चारों तरफ  अफरातफरी मचने से लेकर यात्रा की योजना तक चौपट हो सकती है। सामान्य तौर पर यात्रा कार्यक्रम कई दिनों के लिए रद्द हो जाता है।

ऐसी स्थिति में, मेहनत की गाढ़ी कमाई को यूं ही बर्बाद होते हुए देखकर काफी दुख होता है। ट्रैवल इंश्योरेंस पॉलिसी न होने पर होटल से पैसा लौटाने के लिए कहना असंभव है। यदि आप पहले से ही अपने गंतव्य स्थान पर हैं और आपको जल्दी से घर लौटना है, तो ट्रेवल इंश्योरेंस पॉलिसी आपको वापस घर लाने के लिए अतिरिक्त परिवहन खर्च (जैसे नई फ्लाइट) का वहन करती है।

ईएमआई पर करें मनपसंद जगह की यात्रा
जिस तरह आप अपनी मनपसंद की कार, मकान, इलेक्ट्रानिक गैजेट यहां तक की कपड़े ईएमआई के जरिए खरीद सकते हैं। उसी तरह, आप अपनी मनपसंद जगह छुट्टियां बिताने पर आने वाले खर्चे का भुगतान भी ईएमआई यानी मासिक किस्त के जरिए कर सकते हैं।

यानी, अब आपके लिए ईएमआई पर यात्रा का विकल्प भी उपलब्ध है। कुछ ट्रैवल कंपनियां बिना ब्याज के ईएमआई पर यात्रा का ऑफर भी दे रही हैं। ईएमआई पर यात्रा की सुविधा के तहत, न केवल अंतरराष्ट्रीय जगहों का भी भ्रमण किया जा सकता है बल्कि अपने गृहनगर की यात्रा भी की जा सकती है। कुछ ट्रैवल कंपनियां तीन माह, छह माह और नौ माह की ब्याज मुक्त ईएमआई स्कीम ग्राहकों को उपलब्ध करा रही हैं। इसके लिए ट्रैवल कंपनियों ने कई बैंकों के साथ समझौता किया है।

पिछले दिनों कुछ घरेलू एयरलाइंस ने हवाई यात्रियों के लिए किस्त में टिकट के पैसे चुकाने की सुविधा पेश की। इसके तहत आप हवाई यात्रा के लिए क्रेडिट कार्ड से टिकट खरीद सकते हैं और दो महीने की आसान किस्तों में पूरे पैसे चुका सकते हैं।


इसके साथ ही कुछ बातों पर ध्यान देना भी जरूरी है। यदि आप ईएमआई पर छुट्टियां बिताने या अपने गृहनगर की हवाई यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे पहले उससे जुड़े नियम और शर्तों को अवश्य जान लेना चाहिए। ऐसा नहीं कि किस्तों में हवाई यात्रा या विदेशों में छुट्टियां बिताने के लालच में आपको वाजिब खर्च से अधिक का भुगतान तय सीमा से अधिक सेवा कर, प्रोसेसिंग शुल्क आदि के रूप में करना पड़ जाए।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Budget 2022 से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed