संडे-मंडे के झंझट से मुक्ति, 24x7 किसी को भी भेजें पैसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेफ्ट ट्रांजैक्शन और आरटीजीएस ट्रांजैक्शन के बारे में तो बहुत से लोग जानते ही हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि आईएमपीएस (इमीडिएट पेमेंट सर्विस) के जरिए भी आप पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। इस सेवा का इस्तेमाल मोबाइल, इंटरनेट, या फिर एटीएम से भी किया जा सकता है।
इस सेवा का इस्तेमाल करके आप कभी भी पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। आपको बता दें कि नेफ्ट और आरटीजीएस ट्रांजैक्शन के जरिए सिर्फ वर्किंग ऑवर में ही पैसे ट्रांसफर किए जाते हैं, लेकिन आईएमपीएस सर्विस के जरिए आप कभी भी पैसे भेज सकते हैं, जो इस सेवा को लोगों के लिए काफी उपयोगी बनाता है।
इस सेवा की शुरुआत 22 नवंबर 2010 को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने की थी। शुरुआत में यह सेवा चार बैंकों के साथ मिलकर शुरू की गई थी, जिसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और आईसीआईसीआई बैंक थे। बाद में इस सेवा के साथ अन्य बैंक भी जुड़ गए। (सभी बैंकों की लिस्ट)
5 रुपए लगती है फीस
आईएमपीएस के जरिए मोबाइल और सात अंकों के एमएमआईडी (मोबाइल मनी आइडेंटिफायर) कोड की मदद से मिनटों में किसी को भी और कभी भी पैसे भेजे जा सकते हैं। रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुसार कोई भी व्यक्ति इसका इस्तेमाल करके एक दिन में 50 हजार रुपए तक ट्रांसफर कर सकता है।
अभी इस सेवा का इस्तेमाल बहुत ही कम लोग करते हैं, जिसका मुख्य कारण अधिक ट्रांजैक्शन फीस है। हर ट्रांजैक्शन के लिए लगभग 5 रुपए का भुगतान करना होता है। साथ ही, बहुत सारे ऐसे लोग भी हैं जो इस सेवा के बारे में जानते ही नहीं है या फिर ये नहीं जानते हैं कि इसका लाभ कैसे लिया जाए।
कैसे करें आईएमपीएस सेवा का इस्तेमाल?
- खुद को बैंक की तरफ से दी जा रही मोबाइल बैंकिंग स्कीम के जरिए रजिस्टर करें।
- बैंक से अपना एमएमआईडी कोड और एमपिन प्राप्त करें।
- मोबाइल बैंकिंग के लिए एप्लिकेशन डाउनलोड करें। अगर आपका बैंक एसएमएस के जरिए आईएमपीएस की सेवा देता है तो आप एसएमएस से भी पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं।
पैसे लेने वाले के लिए रजिस्ट्रेशन
- अपने मोबाइल नंबर को अपने बैंक अकाउंट के साथ रजिस्टर कराएं।
- अपने बैंक से एमएमआईडी कोड प्राप्त करें।
कैसे करें पैसों का लेन-देन?
- एप्लिकेशन में लॉगिन करें और आईएमपीएस मेन्यू को चुनें। अगर बैंक एसएमएस से आईएमपीएस की सुविधा देता है तो भी आप इस सेवा का इस्तेमाल एसएमएस से कर सकते हैं।
- बेनिफिशियरी का मोबाइल नंबर और एमएमआईडी कोड प्राप्त करें।
- बेनिफिशियरी का मोबाइल नंबर, उसका एमएमआईडी कोड, अमाउंट और अपना एमपिन डालें।
आपके अकाउंट से पैसे ट्रांसफर होते ही आपको इसका मैसेज आ जाएगा और बेनिफिशियरी को भी इसकी सूचना मैसेज से मिल जाएगी। भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए ट्रांजैक्शन का रेफेरेंस नंबर नोट करके रख लें।
कैसे पाएं पैसे?
आप किसी से पैसे मंगवाना चाहते हैं तो उसे अपना मोबाइल नंबर और एमएमआई कोड भेजें और पैसे भेजने के लिए कहें। जैसे ही सेंडर आपको पैसे भेज देगा, आपके पास पैसे प्राप्त होने का मैसेज आ जाएगा।
क्या हैं फायदे और कब कर सकते हैं इस्तेमाल
- 24 घंटे में कभी भी भेज सकते हैं पैसे।
- छुट्टी के दिन भी भेजे जा सकते हैं पैसे।
- सुरक्षित होने के साथ-साथ काफी आसान।
-
इसका इस्तेमाल मोबाइल, इंटरनेट, एटीएम किसी भी माध्यम से किया जा सकता है।
- तुरंत पैसे भेज सकते हैं और प्राप्त कर सकते हैं।
किन पेमेंट्स में कर सकते हैं इसका इस्तेमाल
आईएमपीएस के जरिए यूटिलिटी बिल, मोबाइल टॉप अप और डीटीएच रिचार्ज, क्रेडिट कार्ड बिल, ग्रॉसरी बिल, ट्रेवल और टिकट, ऑनलाइन शॉपिंग, एजुकेशनल इंस्टीट्यूट की फीस आदि।