एटीएम के फायदे के अलावा ऐसे होती है धोखाधड़ी, बचने का यह है तरीका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब तक आप सोचते होंगे कि एटीएम का सिर्फ एक ही इस्तेमाल होता है और वो है पैसे निकालना। लेकिन ऐसा नहीं है। एटीएम आपको ट्रेन की टिकट बुक करने की सुविधा और बिजली के बिल का भुगतान करने जैसी कई सुविधाएं प्रदान करता है। एटीएम के जरिए किसी प्रकार की धोखाधड़ी ना हो, इसके लिए बैंकों ने कई नियम बनाए हैं। कड़े नियमों के बावजूद आपने एटीएम के जरिए लोगों के बैंक खाते खाली होने के कई मामले सुने होंगे। इनसे कैसे रहें सावधान आपको बता रहे हैं।
मशीन के आस-पास हो सकता है सीक्रेट कैमरा
आपका एटीएम पिन जानने के लिए मशीन के आस-पास सीक्रेट कैमरे लगे होते हैं जो सब रिकॉर्ड कर लेते हैं। ऐसे में आपको सावधानी से काम लेना चाहिए। कार्ड का इस्तेमाल करने से पहले आप ये सुनिश्चित कर लें कि मशीन के ऊपर कोई दूसरी चीज अलग से तो नहीं लगी है। अगर आपको जरा भी संदेह होता है तो वहां मौजूद कर्मचारी को आगाह कर दें।
आस-पास खड़े व्यक्ति से रहें सावधान
कईं बार ऐसा भी होता है कि जब आप एटीएम से पैसा निकाल रहे होते हैं, तब आपके आस-पास या आपके पीछे कोई खड़ा होता है। जब भी आपके साथ कोई खड़ा हो, तब भी आपको सावधान रहना चाहिए क्योंकि हो सकता है कि आपके पीछे खड़ा शख्स ही आपका एटीएम पिन देखकर आपको चूना लगा दे।
कार्ड क्लोनिंग के जरिए ऐसे होता है फ्रॉड
जालसाज कार्ड क्लोनिंग के जरिए आपके एटीएम कार्ड तक अपनी पहुंच बना लेते हैं। इसके बाद आपको ठगना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं होती। अपने एटीएम कार्ड का प्रयोग करते वक्त आपको सावधानी बरतने की जरूरत है। जालसाज एटीएम मशीन पर एक स्कीमर नाम की मशीन लगाते हैं। ये मशीन मार्केट में मात्र सात हजार रुपये में आसानी से मिल जाती है। इस मशीन के जरिए कार्ड स्वाइप होने पर उसकी जानकारी को कॉपी कर लिया जाता है। इसमें आपके बैंक खाते से जुड़ी सभी जानकारी शामिल होती है। इसके बाद जालसाज इस जानकारी को किसी ब्लैंक कार्ड में ट्रांसफर कर देते हैं। इस तरह जालसाज एक अन्य कार्ड बनाते हैं, जिसपर आपके कार्ड की पूरी जानकारी होती है और फिर इसी से पैसे निकाले जाते हैं।
सावधानी से करें कार्ड स्वाइप
इसके अतिरिक्त कोई सामान खरीदते वक्त, किसी मॉल में, या किसी अन्य जगह पर अगर आप कार्ड से पेमेंट करते हैं, तो भी फ्रॉड की संभावना बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में आपको सावधानी बरतने की जरूरत है। आप हमेशा अपने कार्ड को अपने सामने ही स्वाइप करवाएं और उसमें पासवर्ड भी खुद ही डालें।
आइए अब जानते हैं कि एटीएम के जरिए आपको पैसे निकालने के अतिरिक्त क्या सुविधाएं मिलती हैं।
इनकम टैक्स का कर सकते हैं भुगतान
इनकम टैक्स भरने की आखिरी तारीख करीब आ रही है। एटीएम के जरिए आप इनकम टैक्स का भुगतान भी कर सकते हैं। देश में कई बैंक ऐसे हैं जो अपने ग्राहकों को अपने एटीएम के जरिए यह सुविधा देते हैं। हालांकि एटीएम से आयकर चुकाने के लिए आपको पहले बैंक की वेबसाइट या ब्रांच में इस सुविधा के लिए रजिस्टर करना पड़ेगा। रजिस्टर करने के बाद ही आप एटीएम की मदद से कर चुका सकेंगे। जब आपके खाते से पैसे कट जाएंगे, तो आपको एक सीआईएन नंबर दिया जाएगा। इसके 24 घंटे बाद आप बैंक की वेबसाइट पर जाकर इसी सीआईएन नंबर से चालान प्रिंट भी करा सकते हैं।
बुक कर सकते हैं रेलवे टिकट
देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) रेलवे की बिल्डिंग में मौजूद कई एटीएम के जरिए ग्राहकों को टिकट बुक करने की सुविधा देता है। हालांकि इसके तहत सिर्फ लंबी दूरी की आरक्षित टिकटें ही बुक की जा सकती हैं।
टेलीफोन व बिजली का भी कर सकते हैं भुगतान
टेलीफोन का बिल हो या बिजली का, एटीएम से आप बिल का भी भुगतान कर सकते हैं। हालांकि बिल भुगतान से पहले आपको बैंक की वेबसाइट पर एक बार खुद को रजिस्टर करना पड़ेगा। टेलीफोन और बिजली के साथ एटीएम से आप गैस के बिल का भी भुगतान कर सकते हैं।
इंश्योरेंस पॉलिसी की राशि का भी कर सकते हैं भुगतान
एलआईसी (LIC), एचडीएफसी (HDFC) लाइफ और एसबीआई (SBI) लाइफ जैसी बीमा कंपनियों के ग्राहक एटीएम से भी अपनी इंश्योरेंस पॉलिसी की राशि का भुगतान कर सकते हैं। बता दें कि इसके लिए आपके पास पॉलिसी नंबर होना चाहिए। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपको एटीएम के बिल पे सेक्शन में जाकर बीमा कंपनी का नाम सेलेक्ट करना होगा। अब पॉलिसी नंबर, जन्मदिन और मोबाइल नंबर डालने के बाद आप प्रीमियम की रकम डालकर इसे कन्फर्म कर सकते हैं।
लोन के लिए भी कर सकते हैं अप्लाई
एटीएम से आप लोन के लिए भी अप्लाई कर सकते हैं, यह बात बहुत कम लोग जानते हैं। छोटी रकम के पर्सनल लोन के लिए आपको बैंक के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। देश में ऐसे कई बैंक हैं जो एटीएम के जरिए अपने ग्राहकों को प्री एप्रूव्ड पर्सनल लोन ऑफर करते हैं।