{"_id":"323eb4a7c57d03580832af1011b18ffd","slug":"credit-card-is-very-useful","type":"story","status":"publish","title_hn":"बड़े काम की चीज है क्रेडिट कार्ड","category":{"title":"Personal Finance","title_hn":"पर्सनल फाइनेंस","slug":"personal-finance"}}
बड़े काम की चीज है क्रेडिट कार्ड
नई दिल्ली/कारोबार डेस्क
Updated Mon, 29 Jul 2013 01:26 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज के दौर में आपके लिए बाजार में घर के राशन से लेकर कार तक क्रेडिट कार्ड के जरिए उपलब्ध है। बस दुकान पर जाइए और अपने क्रेडिट कार्ड को स्वैप कराइए, आपकी मनपसंद चीज बिना नकद दिए आपके पास।
विज्ञापन
यहीं नहीं, इसके लिए आपको पैसा भी तुरंत नहीं चुकाना है। आप चाहें तो बिना कोई ब्याज दिए 50 दिन के भीतर खरीदारी की राशि चुका सकते हैं।
या फिर, उस राशि को ईएमआई के जरिए आसान किस्तों में चुकाने का विकल्प भी आपके पास है। लगातार क्रेडिट कार्ड से खरीदारी पर आपको कई तरह के कूपन और ऑफर भी मिलते हैं।
विज्ञापन
मौके भुनाने में आगे हैं बैंक और कंपनियां
क्रेडिट कार्ड ने उपभोक्ताओं के लिए खरीदारी को जहां आसान बना दिया है, वहीं ग्राहकों के बीच क्रेडिट कार्ड के बढ़ते इस्तेमाल को भुनाने में कंपनियां और बैंक भी पीछे नहीं हैं।
विज्ञापन
जैसे कि, टाटा ग्रुप ने नैनो कार की बिक्री के लिए मार्च 2013 में ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड से खरीदारी का ऑफर दिया।
इसके तहत आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एचएसबीसी, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के ग्राहक नैनो की खरीदारी क्रेडिट कार्ड से कर सकते हैं। ग्राहक नैनो की किस्त 12 महीने की ईएमआई में बिना कोई ब्याज दिए चुका सकता है।
इसी तरह, एसबीआई ने रेलवे के ऑनलाइन टिकट की खरीदारी पर ग्राहकों के लिए विशेष क्रेडिट कार्ड शुरू किया है। इसके जरिए बैंक ग्राहकों को एसी-2 और उससे उच्च श्रेणी टिकट की खरीदारी पर किराए में छूट का ऑफर देता है।
सभी प्रमुख बैंकों ने अपने क्रेडिट कार्ड पर एलसीडी, रेफ्रिजरेटर, टैबलेट, लैपटॉप सहित दूसरे इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की खरीदारी के लिए रिटेलर्स और कंपनियों के साथ समझौता किया है।
इसके जरिए ग्राहक आसान किस्तों में कीमत चुका सकते हैं और उन्हें प्रोसेसिंग शुल्क में भी छूट मिल जाती है।
भर सकते हैं अपने बीमा का प्रीमियम
ऑनलाइन खरीदारी को बढ़ावा देने के लिए अब बीमा कंपनियां भी क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले बैंकों के साथ तेजी से समझौते कर रही हैं।
इसके जरिए ग्राहक अपने बीमा का प्रीमियम भी ईएमआई में चुका सकता है। मसलन, मैक्स बूपा इंश्योरेंस कंपनी ने एचडीएफसी बैंक के साथ समझौता किया है।
इसके तहत ग्राहक छह महीने की किस्त में बिना कोई प्रोसेसिंग शुल्क दिए प्रीमियम की राशि चुका सकता है। ऐसे में अब आप जब भी क्रेडिट कार्ड के जरिए कोई खरीदारी करें, तो जरूर उस पर मिलने वाले ऑफर का फायदा लें। इससे न केवल आपकी खरीदारी आसान हो जाएगी बल्कि आप पर दबाव भी कम होगा।
1.96 करोड़ से अधिक हुए कार्ड धारक
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार मई 2013 तक बैंकों द्वारा जारी क्रेडिट कार्ड की संख्या एक करोड़ 96 लाख सात हजार 994 तक पहुंच गई है। इसी तरह, मई 2013 में क्रेडिट कार्ड के जरिए की गई खरीदारी में भी मई 2011 की तुलना में 57 फीसदी का इजाफा हुआ है।
क्रेडिट कार्ड कारोबार में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी निजी बैंकों की है। मई 2013 तक एचडीएफसी बैंक के 65 लाख से ज्यादा, आईसीआईसीआई बैंक के 28 लाख से ज्यादा, भारतीय स्टेट बैंक के 26 लाख से ज्यादा और सिटी बैंक के 23 लाख से ज्यादा क्रेडिट कार्ड हैं।
समय पर भुगतान करना अच्छा
यदि आप क्रेडिट कार्ड के बिल का भुगतान सही समय पर करते हैं तो आपका क्रेडिट रिकार्ड अच्छा रहता है, जिसका फायदा आगे की जरूरतों में मिलता है। समय पर बिल के भुगतान में की गई लापरवाही आपके लिए आगे के कई रास्ते रोक सकती है।
जैसे कि होम लोन, ऑटो लोन, पर्सनल लोन देने से जहां बैंक आपको मना कर सकते हैं, वहीं मोबाइल, इंटरनेट आदि के पोस्टपेड कनेक्शन लेना भी आपके लिए मुश्किल हो सकता है। इसलिए क्रेडिट कार्ड के बिल का भुगतान उचित समय पर करना चाहिए।
भारतीय स्टेट बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार क्रेडिट कार्ड पर ग्राहक की आय के आधार पर बैंक खरीदारी की सीमा तय करते हैं। प्रमुख तौर पर ग्राहकों को 50 दिन के अंदर अपने बिल का भुगतान करना होता है।
अधिकारी के अनुसार 50 दिन की सीमा स्टेटमेंट जारी के बाद से लागू होती है। उसके बाद भुगतान करने पर ग्राहक को ब्याज चुकाना पड़ता है। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि ग्राहक सही समय पर बिल का भुगतान करें।