आपके काम की खबर: जानिए कैसे आपके भविष्य की आय को सुरक्षित रख सकता है गारंटीड प्लान में निवेश
हम एक बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करने के साथ अपने पैसे को बढ़ाने के लिए निवेश करते हैं ताकि हम अपने सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आकर्षक रिटर्न का आनंद ले सकें।
विस्तार
सही निवेश करने का एक अहम नियम यह है कि हम 'चढ़ाव' की योजना बनाने से पहले 'गिरावट' के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करें। नौकरी छूटना, कोविड-19 जैसे संकट या मृत्यु जैसी स्थिति के लिए तैयार रहना बेहद अहम है। कोविड-19 इस लिहाज से दुनिया के लिए आंख खोलने वाला था कि अनिश्चितता किसी भी क्षण आ सकती है और एक झटके में हमारी पूरी वित्तीय योजना को तहस नहस कर सकती है। इसलिए, एक मजबूत वित्तीय योजना बनाना बहुत महत्वपूर्ण है, जिसमें चढ़ाव और गिरावट का ध्यान रखा गया हो।
भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस के Chief And Appointed Actuary वरुण गुप्ता के अनुसार, एक ऐसी ऑल-इन-वन आय योजना गांरटीड इनकम प्लान है, जो हमें प्रमुख जीवन लक्ष्यों, जीवन की अप्रत्याशित घटनाओं के लिए योजना बनाने में मदद कर सकती है, आर्थिक मंदी के दौरान भी गारंटीकृत रिटर्न प्रदान करती है और साथ ही कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर बोनस भी प्रदान करती है। ऐसी योजनाएं विभिन्न जीवन बीमा कंपनियों की तरफ से पेश की जाती हैं।
वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने में मदद करती है गारंटीड आय योजना
गारंटीड आय योजना एक प्रकार का वित्तीय साधन है जो किसी भी तरह के आर्थिक परिदृश्य में वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने में मदद कर सकता है। जैसा कि नाम से स्पष्ट है कि ये प्लान निश्चितता के साथ ग्राहकों को गारंटीड या तयशुदा रिटर्न रिटर्न देता है और बच्चों की शिक्षा, विवाह, घर के लिए डाउन पेमेंट, रिटायरमेंट के लिए प्लानिंग और जीवन के अन्य महत्वपूर्ण लक्ष्यों को हासिल करने की योजना बनाने में मदद करते हैं। ये प्लान लाइफ कवर या जीवन बीमा भी प्रदान करते हैं, जिसका भुगतान पॉलिसीधारक के साथ कोई दुर्भाग्यपूर्ण घटना होने की स्थिति में नॉमिनी (उनके परिवार) को किया जाता है। ऐसी योजनाओं में हासिल होने वाला रिटर्न टैक्स फ्री (प्रचलित कर कानूनों के अनुसार) है।
आज बाजार में नए समय की योजनाएं उपलब्ध हैं, जो 100 वर्ष की आयु तक गारंटीड आय प्रदान करती हैं। गारंटीड आय दूसरे वर्ष से शुरू हो सकती है और इस प्रकार किसी को अपने निवेश का लाभ सुनिश्चित करने के साथ-साथ तत्काल रिटर्न प्राप्त करने में मदद मिलती है। ऐसे प्लान विकल्प के साथ, जिसमें आपको अपनी चुनी हुई योजना के अनुसार केवल 10-15 वर्षों के लिए प्रीमियम का भुगतान करना होता है, आपको अपने परिवार की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जीवन बीमा के साथ-साथ जीवन भर के लिए आय के दूसरे स्रोत का आश्वासन मिलता है। यह गारंटीड या तयशुदा दूसरा आय स्रोत आपको स्वास्थ्य संबंधी खर्चों जैसी तत्काल जरूरतों के लिए भुगतान करने में मदद कर सकता है या फिर इसे विशिष्ट जीवन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए भी अर्जित किया जा सकता है।
इन सब फायदों के अलावा अपने निवेश से और अधिक प्राप्त करने के लिए कोई निवेशक पार्टिसिपेटिंग गारंटीड आय योजना को चुन सकता है, जहां उपरोक्त लाभों के अतिरिक्त बीमा कंपनी की तरफ से मिलने वाला नकद बोनस व्यक्ति के धन में वृद्धि करता है। ये नकद बोनस आम तौर पर वार्षिक आधार पर घोषित किए जाते हैं।
आज के समय में बाजार में वित्तीय साधनों की कमी नहीं है, हालांकि यह बाजार के जोखिम के अधीन हो सकते हैं। हालांकि, जो कम जोखिम लेना चाहते हैं हैं और जीवन के प्रमुख लक्ष्यों के साथ कोई जोखिम या मौका नहीं लेना चाहते हैं, वे जीवन बीमा योजनाओं का विकल्प चुन सकते हैं। ऐसी योजनाएं बाजार के उतार चढ़ाव से इतर निश्चित आय प्रदान करती हैं। जीवन के बड़े लक्ष्यों के बारे में निर्णय लेने और गारंटीड आय के साथ अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने की बात आती है तो ये योजनाएं ग्राहकों को निश्चितता चुनने के लिए सशक्त बनाती हैं।
कैसे काम करता है प्लान:
परिपक्वता लाभ
एक बार गारंटीड रिटर्न पॉलिसी के मैच्योर हो जाने के बाद, ग्राहक को मैच्योरिटी पर बीमित राशि के साथ-साथ रिवर्सनरी बोनस और टर्मिनल बोनस, (यदि कोई हो), हासिल होता है। जैसा कि नाम से स्पष्ट है कि ग्राहक को गारंटीड रिटर्न मिलता है! यह उस पॉलिसी के नियमों और शर्तों के अनुसार है जिसके लिए आवेदन किया गया है।
आय भुगतान लाभ
योजना विकल्प के आधार पर, कोई व्यक्ति पॉलिसी की अवधि के दौरान नियमित रिटर्न प्राप्त करना चुन सकता है।
मृत्यु लाभ
बीमित व्यक्ति की आकस्मिक मृत्यु के मामले में, पॉलिसी की खरीद के समय चुने गए नामांकित व्यक्ति को बीमा राशि के साथ-साथ प्रत्यावर्ती बोनस और टर्मिनल बोनस (यदि लागू हो) प्राप्त होता है।
कर लाभ
इस तरह की गारंटीकृत आय योजनाओं के तहत परिपक्वता आय या प्राप्त कोई भी राशि प्रचलित आयकर कानूनों के अनुसार कर मुक्त है। ऐसी योजनाओँ में निवेश के लिहाज से यह विशेष रूप से अनिश्चितता, आर्थिक मंदी और बाजार की अस्थिरता के मौजूदा माहौल के बीच एक अतिरिक्त आकर्षण बन जाता है। हालांकि, टैक्स कानूनों के तहत टैक्स लाभ संशोधन के अधीन हैं।
जोखिम मुक्त रिटर्न
ये रिटर्न जोखिम के विपरीत हैं, क्योंकि वे निश्चित आय वाले प्रतिभूतियों या सिक्योरिटीज में निवेश करते हैं।
निवेश के पहले समग्र मूल्यांकन की सलाह दी जाती है और फिर जीवन की जरूरतों और लक्ष्यों के मुताबिक मौजूद विकल्पों में से सही योजना का चयन करना चाहिए। गारंटीड आय योजना बाजार में सबसे अच्छी बचत योजनाओं में से एक है, जो अनिश्चित बाजार स्थिति के बीच भी अच्छा वित्तीय रिटर्न प्रदान करती है और जीवन बीमा कवरेज के रूप में दोहरा लाभ भी मिलता है।