{"_id":"614ee5bf8ebc3efb81403e02","slug":"zee-entertainment-merger-with-sony-pictures-is-not-easy-as-invesco-may-fight-legal-battle","type":"story","status":"publish","title_hn":"अड़चन: आसान नहीं है जी एंटरटेनमेंट और सोनी पिक्चर्स का मर्जर, इन्वेस्को लड़ सकती है कानूनी लड़ाई","category":{"title":"Corporate","title_hn":"कॉरपोरेट","slug":"corporate"}}
अड़चन: आसान नहीं है जी एंटरटेनमेंट और सोनी पिक्चर्स का मर्जर, इन्वेस्को लड़ सकती है कानूनी लड़ाई
Sat, 25 Sep 2021 02:32 PM IST
डिंपल अलावाधी
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: डिंपल अलावाधी
Updated Sat, 25 Sep 2021 02:32 PM IST
सार
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया की डील में पेंच फंस सकता है। जी एंटरटेनमेंट में हिस्सेदारी रखने वाली कंपनी 'इन्वेस्को' अड़चन पैदा कर सकती है। आइए जानते है पूरा मामला।
विज्ञापन
जी एंटरटेनमेंट - सोनी पिक्चर्स डील
- फोटो : pixabay
विस्तार
हाल ही में एंटरटेनमेंट सेक्टर में एक बड़ी मर्जर डील की खबर सामने आई थी। जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Zee Entertainment) ने सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (Sony Pictures India) के साथ मर्जर की घोषणा की। लेकिन यह मर्जर आसान नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें जी एंटरटेनमेंट में हिस्सेदारी रखने वाली कंपनी 'इन्वेस्को' अड़चन पैदा कर सकती है।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला?
दरअसल किसी भी मर्जर में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी अहम भूमिका निभाती है। जी एंटरटेनमेंट में 18 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाली इन्वेस्को कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी कर ही है। इन्वेस्को का मानना था कि कंपनी का कॉर्पोरेट गवर्नेंस कमजोर है। इन्वेस्को ने ही जी एंटरटेनमेंट में दो स्वतंत्र निदेशकों और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) पुनीत गोयनका को हटाने की मांग की थी। दो स्वतंत्र निदेशकों ने इस्तीफा तो दे दिया, लेकिन पुनीत गोयनका ने पद नहीं छोड़ा। अब इस मामले के आगे बढ़ने से पहले ही मर्जर का एलान कर दिया गया।
विज्ञापन
जी एंटरटेनमेंट में प्रमोटर्स की 4.77 फीसदी हिस्सेदारी
मालूम हो कि जी एंटरटेनमेंट में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 4.77 फीसदी है। वहीं फंड हाउसेज और अन्य निवेशकों की हिस्सेदारी 95.23 फीसदी है। इनमें म्यूचुअल फंड के पास 3.77 फीसदी, विदेशी निवेशकों के पास 67.72 फीसदी और एलआईसी के पास 4.89 फीसदी हिस्सेदारी है।
विज्ञापन
11,500 करोड़ रुपये का होगा निवेश
कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि सोनी 1.57 अरब डॉलर यानी करीब 11,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और विलय के बाद इसके पास 52.93 फीसदी की नियंत्रक हिस्सेदारी होगी। वहीं जी लिमिटेड के शेयरधारकों के पास 47.07 फीसदी हिस्सेदारी होगी। निवेश की रकम का इस्तेमाल ग्रोथ के लिए किया जाएगा।
पुनीत गोयनका होंगे मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ
जी लिमिटेड के बोर्ड ने विलय के लिए मंजूरी दे दी है। पुनीत गोयनका मर्जर के बाद बनने वाली कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बने रहेंगे। दोनों कंपनियों के टीवी कारोबार, डिजिटल एसेट्स, प्रोडक्शन ऑपरेशंस और प्रोग्राम लाइब्रेरी को मर्ज किया जाएगा। दोनों कंपनियों के बीच नॉन-बाइंडिंग अग्रीमेंट का करार हुआ है। डील का ड्यू डिलिजेंस अगले 90 दिनों में पूरा होगा। मौजूदा प्रमोटर फैमिली जी के पास अपनी हिस्सेदारी को चार फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी तक करने की पूरी स्वतंत्रता होगी।