उद्योग जगत ने वित्त मंत्री को दिए सुझाव, कहा कारोबार के अनुकूल माहौल बनाने के लिए उठाएं कदम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार को ‘उद्योग को काम करने की ज्यादा स्वतंत्रता’ देने के वास्ते कारोबार के अनुकूल माहौल बनाने के लिए कदम उठाने की जरूरत है। देश के अग्रणी उद्योगपतियों भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल, सीआईआई अध्यक्ष विक्रम किर्लोस्कर और एसोचैम अध्यक्ष बालकृष्ण गोयनका आदि ने बृहस्पतिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बजट पूर्व बैठक में यह मांग की।
उद्योगपतियों ने वित्त मंत्री के सामने उठाए मुद्दे
उद्योगपतियों ने वित्त मंत्री के सामने कुछ कर मामलों सहित कई मुद्दे उठाए, जो विलय एवं अधिग्रहण या सुस्ती से संबंधित थे। सुनील मित्तल ने कहा, ‘मैं यहां सिर्फ देश में कारोबार करना आसान बनाए जाने पर बात करने के लिए आया था। मेरा जोर इसी बात पर था।’ उन्होंने कहा कि विलय-अधिग्रहण, डीमर्जर, एनसीएलटी प्रक्रिया, आयकर की कुछ धाराओं को लेकर कुछ सुझाव आए, जिनके चलते विलय-अधिग्रहण कुछ कम हो गए थे।
कारोबार के अनुकूल माहौल बनाना जरूरी
एसोचैम के अध्यक्ष बालकृष्ण गोयनका ने कहा कि ‘कारोबार सुगम माहौल बनाने के लिए राज्यों को अहम भूमिका निभानी है। साथ ही कई समस्याओं का समाधान करना बाकी है।’ सीआईआई अध्यक्ष विक्रम किर्लोस्कर ने कहा कारोबार के अनुकूल माहौल बनाना जरूरी है।
बैठक में शामिल थे कई उद्योगपति
बैठक में जीएमआर समूह के अध्यक्ष बी वी एन राव, अशोक लैलैंड के एमडी और सीईओ विपिन सोंधी, आरपी-संजीव गोयनका समूह के अध्यक्ष संजीव गोयनका, विप्रो लिमिटेड के वैश्विक सीएफओ जतिन दलाल आदि शामिल थे।
विभिन्न श्रम संगठनों की ओर से भाग लेने वाले प्रतिनिधियों में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के अखिल भारतीय आयोजन सचिव बी सुरेंद्रन, ट्रेन यूनियनों की अखिल भारतीय केंद्रीय परिषद (एआईसीसीटीयू) के राष्ट्रीय सचिव संतोष रॉय आदि शामिल थे।