{"_id":"603df6e84c36f647ec078506","slug":"state-bank-of-india-sbi-has-decided-to-contribute-11-crore-rupees-to-the-pm-cares-fund-to-support-coronavirus-vaccination-drive","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोविड-19 टीकाकरण अभियान: SBI ने किया 11 करोड़ का योगदान, पहले दिए थे 107 करोड़ रुपये","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
कोविड-19 टीकाकरण अभियान: SBI ने किया 11 करोड़ का योगदान, पहले दिए थे 107 करोड़ रुपये
Tue, 02 Mar 2021 01:57 PM IST
डिंपल अलावाधी
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: डिंपल अलावाधी
Updated Tue, 02 Mar 2021 01:57 PM IST
विज्ञापन
कोविड-19 टीकाकरण अभियान: SBI ने किया 11 करोड़ का योगदान
- फोटो : twitter: @TheOfficialSBI
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने सरकार को कोविड-19 टीकाकरण अभियान के अगले चरण में समर्थन के तौर पर प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (पीएम केयर्स फंड) में 11 करोड़ रुपये का योगदान किया है। कोविड-19 टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण एक मार्च 2021 से शुरू हुआ। बैंक के चेयरमैन दिनेश खारा ने एक बयान में कहा कि, 'महामारी के खिलाफ अभियान अब तक खत्म नहीं हुआ है और एक जिम्मेदार कॉरपोरेट नागरिक के रूप में, हमारा कर्तव्य है कि सरकार के सभी को टीका उपलब्ध कराने के प्रयास का समर्थन किया जाए। टीकाकरण की सफलता के लिए मैं हर किसी से आगे आने और यथासंभव मदद का आग्रह करता हूं।'
विज्ञापन
पीएम केयर्स फंड में किया था 107 करोड़ का योगदान
इससे पहले, एसबीआई ने पिछले साल कोविड-19 के खिलाफ अभियान में अपने सालाना लाभ का 0.25 फीसदी देने की प्रतिबद्धता जताई थी। साथ ही बैंक ने जरूरतमंदों के बीच मास्क, सैनिटाइजर और अन्य जरूरी चीजें उपलब्ध कराई है। इसके अलावा बैंक के कर्मचारियों ने पीएम केयर्स फंड में 107 करोड़ रुपये का योगदान किया।
विज्ञापन
कई देशों में चल रहे हैं टीकाकरण अभियान
भारत, अमेरिका और ब्रिटेन समेत दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान चल रहे हैं। इस अभियान के तहत लाखों लोगों को वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। भारत में जहां ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन का इस्तेमाल हो रहा है, तो वहीं अमेरिका में फाइजर-बायोएनटेक और मॉडर्ना और ब्रिटेन में भी लोगों को फाइजर-बायोएनटेक और ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन दी जा रही है। ब्रिटेन के आधिकारिक आंकड़ों में दिखाया गया है कि यहां बुजुर्ग लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण और उससे होने वाली गंभीर बीमारी को कम करने के लिए फाइजर और ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के टीके अत्यधिक प्रभावी रहे हैं। इससे उनके अस्पताल में भर्ती होने की दर में 80 फीसदी से भी अधिक की कमी आई है।
विज्ञापन
पिछले 24 घंटे में सामने आए 12,286 नए मामले
देश में कुछ दिनों से कोरोना के दैनिक मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी लेकिन एक बार फिर कोविड-19 के दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 12,286 नए मामले सामने आए। जबकि सोमवार को 15,510 नए मामले सामने आए थे। बता दें कि इससे पहले करीब एक हफ्ते तक कोरोना के दैनिक मामले 16,000 से ऊपर आ रहे थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में 12,286 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1.11 करोड़ के पार चला गया है। अब देश में संक्रमित मामलों की संख्या 1,11,24,527 हो गई है।