दिग्गज कंपनियों ने घोषित किए सितंबर तिमाही के नतीजे, जानिए किसको हुआ फायदा और नुकसान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत की अग्रणी पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया, निजी क्षेत्र के तीसरे सबसे बड़े बैंक एक्सिस बैंक, इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र की कंपनी लार्सन एंड ट्यूब्रो, सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस ने सितंबर तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इस दौरान कोरोना वायरस महामारी के चलते कंपनियों पर असर पड़ा है। आइए जानते हैं किनको फायदा हुआ और कौन सी कंपनी को नुकसान हुआ है।
इंडियन ऑयल का शुद्ध लाभ 10 गुना बढ़ा
आईओसी का शुद्ध लाभ सितंबर तिमाही में 10 गुना बढ़कर 6,227.31 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने कहा कि भंडार पर हुए लाभ और बेहतर कमाई के दम पर उसका एकल शुद्ध लाभ 6,227.31 करोड़ रुपये यानी 6.78 रुपये प्रति शेयर रहा। साल भर पहले कंपनी का शुद्ध लाभ 563.42 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने शेयर बाजार से कहा कि सितंबर तिमाही में उसकी ईंधन बिक्री 177 लाख टन रही, जो जून तिमाही से 16 फीसदी अधिक है। हालांकि यह साल भर पहले की समान तिमाही के 201.7 लाख टन की तुलना में 12 फीसदी कम है।
इस दौरान आईओसी के परिशोधन संयंत्रों ने करीब 140 लाख टन कच्चा तेल का परिशोधन किया। यह जून तिमाही के 130 लाख टन से अधिक लेकिन सितंबर 2019 तिमाही के 175 लाख टन से कम है। कंपनी का परिचालन से प्राप्त राजस्व साल भर पहले के 1.32 लाख करोड़ रुपये की तुलना में कम होकर 1.15 लाख करोड़ रुपये पर आ गया। कंपनी ने कहा कि निदेशक मंडल ने चालू वित्त वर्ष में एक या अधिक खेप में बांड अथवा डिबेंचर जारी कर 20 हजार करोड़ रुपये तक का कर्ज जुटाने को मंजूरी दे दी है।
दो फीसदी बढ़ा मारुति सुजुकी का शुद्ध लाभ
मारुति सुजुकी इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 2.04 फीसदी बढ़कर 1,419.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसका कारण बिक्री में वृद्धि है। कंपनी को साल भर पहले की समान तिमाही में 1,391.1 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। कंपनी ने एक बयान मे बताया कि इस दौरान परिचालन से प्राप्त राजस्व 10.34 फीसदी बढ़कर 18,755.6 करोड़ रुपये हो गया। यह साल भर पहले 16,997.9 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने कहा कि मांग में कुछ सुधार होने तथा आपूर्ति के क्रमिक तौर पर बेहतर होने से दूसरी तिमाही में प्रदर्शन में सुधार हुआ है।
कंपनी ने कहा, 'लोगों की अधिकतम सुरक्षा की हमारी नीति तथा यह सुनिश्चित करने के सभी प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए कंपनी के कारखानों में उत्पादन बढ़ा है और आपूर्ति श्रृंखला धीरे-धीरे बेहतर हो रही है।' कंपनी ने बताया कि इस दौरान एकल आधार पर उसका शुद्ध लाभ साल भर पहले की समान अवधि के 1,358.6 करोड़ रुपये से एक फीसदी बढ़कर 1,371.6 करोड़ रुपये हो गया। उसकी शुद्ध बिक्री साल भर पहले की तुलना में 9.7 फीसदी बढ़कर 17,689.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। सितंबर तिमाही में 3,93,130 वाहनों की बिक्री की गई, जो साल भर पहले की समान अवधि की तुलना में 16.2 फीसदी अधिक है।
केनरा बैंक को 444 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ
केनरा बैंक का एकल आधार पर शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2020-21 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर में 444.41 करोड़ रुपये रहा। इससे पूर्व वित्त वर्ष 2019-20 की इसी तिमाही में बैंक को 364.92 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। केनरा बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2020-21 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी आय 20,836.71 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 2019-20 की इसी तिमाही 14,461.73 करोड़ रुपये थी। बैंक ने कहा कि सितंबर 2019 और मार्च 2020 के आंकड़े विलय पूर्व अवधि के हैं। अत: विलय के बाद जून 2020 और सितंबर 2020 के आंकड़े से तुलनीय नहीं हैं।
केनरा बैंक में सिंडकेट बैंक का विलय हुआ, जो एक अप्रैल 2020 से प्रभाव में आया। बैंक का सकल एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) 30 सितंबर, 2020 को समाप्त तिमाही में घटकर कुल कर्ज का 8.23 फीसदी रहा जो सितंबर 2019 में 8.68 फीसदी था। शुद्ध एनपीए आलोच्य तिमाही में घटकर 3.42 फीसदी (21,063.28 करोड़ रुपये) रहा जो एक साल पहले 2019-20 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 5.15 फीसदी (22,090.04 करोड़ रुपये) था। एकीकृत आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 465.88 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 405.49 करोड़ रुपये था। एकीकृत आय आलोच्य तिमाही में 22,681.05 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 2019-20 की इसी तिमाही में 15,509.36 करोड़ रुपये थी।
पीएनबी हाउसिंग का शुद्ध लाभ 15 फीसदी घटा
पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2020-21 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर में 15 फीसदी घटकर 313 करोड़ रुपये रहा। इससे पूर्व वित्त वर्ष 2019-20 की इसी तिमाही में कंपनी को 367 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस ने एक बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसकी कुल आय नौ फीसदी घटकर 2,022 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 2,230 करोड़ रुपये रही थी।
सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) प्रवर्तित कंपनी ने कहा कि पीएनबी निदेशक मंडल ने पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस में तरजीही निर्गम/राइट इश्यू के जरिए 600 करोड़ रुपये तक पूंजी डालने का निर्णय किया है। हालांकि, यह नियामकीय मंजूरी पर निर्भर है। पीएनबी हाउसिंग के निदेशक मंडल ने तरजीही/राइट इश्यू के जरिए 1,800 करोड़ रुपये तक हजुटाने को भी मंजूरी दी है। दूसरी तिमाही की समाप्ति पर कंपनी का सकल एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) कुल कर्ज का 2.59 फीसदी जबकि शुद्ध एनपीए 1.46 फीसदी रहा।
एक्सिस बैंक को हुआ 1,683 करोड़ रुपये का फायदा
एक्सिस बैंक का शुद्ध फायदा सितंबर तिमाही में 1,683 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले समान तिमाही में बैंक को 112 करोड़ रुपये का फायदा हुआ था। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) इसी दौरान 20 फीसदी बढ़कर 7,326 करोड़ रुपये रही है। शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) 3.58 फीसदी पर रही है।
बैंक ने बताया कि इसकी फी इनकम तिमाही आधार पर 67 फीसदी बढ़ी जबकि सालाना आधार पर यह चार फीसदी बढ़कर 2,752 करोड़ रुपये रही है। रिटेल फी इनकम 82 फीसदी तिमाही आधार पर बढ़ी है। कॉर्पोरेट और कमर्शियल बैंकिंग फी 46 फीसदी तिमाही आधार पर और 10 फीसदी सालाना आधार पर बढ़ी है। बैंक का ऑपरेटिंग फायदा तिमाही में 18 फीसदी जबकि सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़ा है। यह 6,898 करोड़ रुपये रहा है। NPA की बात करें, तो बैंक का फंसा कर्ज 4.18 फीसदी पर रहा है। यह एक साल पहले इसी तिमाही में 5.03 फीसदी पर था। वहीं शुद्ध NPA 0.98 फीसदी रहा है, जो पिछले साल 1.99 फीसदी था।
45 फीसदी घटा लार्सन एंड ट्यूब्रो का शुद्ध लाभ
लार्सन एंड ट्यूब्रो (एल एंड टी) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2020-21 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर में 45 फीसदी घटकर 1,410.29 करोड़ रुपये रहा। एल एंड टी ने शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा कि कंपनी को इससे पूर्व वित्त वर्ष 2019-20 की इसी तिमाही में 2,551.67 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। कंपनी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के मुकाबले एकीकृत लाभ करीब चार गुना बढ़ा है। यह कारोबारी गतिविधियों में तेजी को बताता है। हालांकि, महामारी के कारण आय में कमी आई, वित्तीय सेवा कारोबार में अधिक प्रावधान और मेट्रो सेवाओं के बाधित होने से शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 45 फीसदी घटा।
31,593.77 करोड़ रुपये रही एकीकृत आय
कंपनी की एकीकृत आय 30 सितंबर 2020 को समाप्त दूसरी तिमाही में 31,593.77 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 2019-20 की इसी तिमाही में 35,924.89 करोड़ रुपये रही थी। एल एंड टी का कुल व्यय आलोच्य तिमाही में घटकर 29,455.57 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 2019-20 की इसी तिमाही में 32,622.14 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा, 'तिमाही के दौरान विभिन्न परियोजना स्थलों पर श्रमिकों की संख्या कोविड पूर्व के स्तर पर पहुंच गयी है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के मुकाबले कारोबार में तेजी रही और तिमाही आधार पर इसमें 46 फीसदी की वृद्धि हुई।' हालांकि, सालाना आधार पर आय में 12 फीसदी की कमी महामारी का प्रभाव लंबा खींचने की वजह से है।