त्योहारी सीजन: लग्जरी कारों की ब्रिक्री में हो सकता है इजाफा, इलेक्ट्रोनिक्स बाजार को भी पर्वों से ही आस
ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा, कंपनी 2023 की पहली छमाही में 3,474 गाड़ियां बेच चुकी है। यह 97 फीसदी वृद्धि है। इस त्योहारी सीजन घरेलू यात्री कारों की बिक्री 10 लाख के पार पहुंच सकती है।
विस्तार
लग्जरी कार कंपनियों मर्सिडीज बेंज, लेक्सस व ऑडी को चालू त्योहारी सीजन में बेहतर बिक्री की उम्मीद है। उनका कहना है कि त्योहारी सीजन में महंगी गाड़ियों की मांग काफी अच्छी है। मर्सिडीज बेंज इंडिया के एमडी व सीईओ संतोष अय्यर ने कहा, पिछले साल के मुकाबले यह त्योहारी सीजन ज्यादा अच्छा रहेगा। यह त्योहारी सीजन चार माह तक चलेगा व हम इसे लेकर आशान्वित हैं, क्योंकि हमने ओणम से बहुत सकारात्मक शुरुआत की है।
लेक्सस इंडिया के अध्यक्ष नवीन सोनी ने कहा, देश में लग्जरी कार बाजार लगातार बढ़ रहा है। इस साल महंगी कारों की मांग से उद्योग उत्साहित है। ज्यादा अमीर (एचएनआई), युवा आबादी, खर्च योग्य कमाई बढ़ने व स्थिर आर्थिक वृद्धि के साथ यात्रा करने वाले लोगों की बढ़ती संख्या इस वृद्धि को बढ़ावा दे रही है।
बिक सकते हैं 10 लाख यात्री कार
ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा, कंपनी 2023 की पहली छमाही में 3,474 गाड़ियां बेच चुकी है। यह 97 फीसदी वृद्धि है। इस त्योहारी सीजन घरेलू यात्री कारों की बिक्री 10 लाख के पार पहुंच सकती है।
इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की बिक्री 20% बढ़ेगी
उपकरण व उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को त्योहारी सीजन में बिक्री 18-20 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के आयोजन से भी कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। इस त्योहारी सीजन बड़े स्क्रीन वाले टीवी के साथ बैटरी से चलने वाले पार्टी स्पीकर, साउंडबार, वायरलेस हेडफोन और ईयर बड्स जैसे ऑडियो उत्पादों की बिक्री भी बढ़ने की संभावना है।