Biz Updates: पीएलआई योजनाओं में 1.03 लाख करोड़ रुपये का निवेश, प्रधान ने पीयूष गोयल को इस कारण लिखा पत्र
Biz Updates: इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, फार्मास्यूटिकल्स, खाद्य प्रसंस्करण और दूरसंचार व नेटवर्किंग उत्पादों जैसे क्षेत्रों से पीएलआई योजनाओं में 3.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात हुआ है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विस्तार
उत्पादन लिंक्ड प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाओं में नवंबर 2023 तक 1.03 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। इसके कारण 8.61 लाख करोड़ रुपये का उत्पादन/बिक्री और 6.78 लाख से अधिक का रोजगार सृजन (प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष) हुआ है।
बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, फार्मास्यूटिकल्स, खाद्य प्रसंस्करण और दूरसंचार व नेटवर्किंग उत्पादों जैसे क्षेत्रों से पीएलआई योजनाओं में 3.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात देखा गया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
धर्मेंद्र प्रधान ने पीयूष गोयल को लिखा पत्र
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर एफसीआई को वित्त वर्ष 2023-24 में ओडिशा से 10 लाख मीट्रिक टन पारबॉइल चावल खरीदने का निर्देश देने की मांग की है।
नरेश गोयल को निजी अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराने की मिली अनुमति
मुंबई की एक विशेष अदालत ने केनरा बैंक में 538 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोपी जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल को बुधवार को एक निजी अस्पताल में चिकित्सा जांच कराने की अनुमति दे दी। 74 वर्षीय कारोबारी ने पिछले हफ्ते धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) मामलों के लिए अदालत का रुख किया था, जिसमें कहा गया था कि उन्हें अपने डॉक्टरों द्वारा सुझाए गए एमआरआई, एक्स-रे, सिस्टोस्कोपी, पैनएंडोस्कोपी और कुछ अन्य परीक्षणों से गुजरना होगा। न्यायाधीश एमजी देशपांडे ने मुंबई की आर्थर रोड जेल के अधीक्षक को एस्कॉर्ट पार्टी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया जहां से गोयल को निजी अस्पताल ले जाया जाएगा। अदालत ने कहा कि गोयल एस्कॉर्ट का बिल वहन करेंगे।
यूट्यूब में भी 100 लोगों के निकाले जाने की खबर
1,000 कर्मचारियों के लिए नौकरी में कटौती की घोषणा के बाद गूगल अब यूट्यूब में छंटनी कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसे दावे किए जा रहे हैं। वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म ने संचालन और निर्माता प्रबंधन टीमों में 100 कर्मचारियों को निकाल दिया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इन कर्मचारियों को सूचित किया गया था कि उनके पदों को समाप्त कर दिया गया है। एक आधिकारिक बयान में, यूट्यूब के मुख्य व्यवसाय अधिकारी, मैरी एलेन कोए ने संगठन में कर्मचारियों को एक नोट में लिखा, "हमने कुछ भूमिकाओं को खत्म करने और अपने कुछ साथियों को अलविदा कहने का निर्णय लिया है। अमेरिका और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में कोई भी जो प्रभावित है या हो सकता है, उसे सूचित किया जाएगा।"
लाल सागर क्षेत्र में तनाव से देश में नहीं होगी उर्वरकों की कमी, मंडाविया ने दिया भरोसा
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को कहा, वैश्विक कीमतों में गिरावट व यूरिया के कम आयात से चालू वित्त वर्ष में सरकार का उर्वरक सब्सिडी बिल 30-34 फीसदी घटकर 1.7-1.8 लाख करोड़ रुपये रह सकता है। पिछले वित्त वर्ष में यह बिल 2.56 लाख करोड़ था। रसायन व उर्वरक मंत्री ने कहा कि देश में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। लाल सागर संकट के बीच आयात बाधित नहीं हुआ है क्योंकि भारतीय नौसेना मालवाहक जहाजों की सुरक्षा कर रही है। उन्होंने कहा, चालू वित्त वर्ष में यूरिया आयात 40-50 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 75 लाख टन के आयात से कम है। आयात में इस कमी का कारण उच्च घरेलू उत्पादन और नैनो तरल यूरिया का बढ़ता उपयोग है।
सोना 400 व चांदी 600 रुपये सस्ती
कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोना 400 रुपये सस्ता होकर 63,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी भी 600 रुपये सस्ती होकर 75,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। डॉलर सूचकांक में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड पर रिटर्न बढ़ने से सोने पर दबाव बढ़ा। वैश्विक बाजार में सोना 2,024 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर रहा।
बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच इस साल 88 फीसदी पेशेवर बदलेंगे नौकरी
बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच इस साल देशभर के करीब 88 फीसदी पेशेवर नौकरी बदलने पर विचार कर रहे हैं। लिंक्डइन की रिपोर्ट के अनुसार, चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल में 42 फीसदी लोग नौकरी और जीवन के बीच संतुलन बनाने के लिए कंपनी बदल सकते हैं। 37 फीसदी कर्मचारी ज्यादा वेतन पाने के लिए नौकरी बदलना चाहते हैं। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में चार फीसदी अधिक है। देशभर में 1097 पूर्णकालिक या अस्थायी रोजगार में लगे पेशेवरों के सर्वे के मुताबिक, 79 फीसदी पेशेवर अपनी मौजूदा भूमिका से अलग मौके की तलाश में हैं। 72 फीसदी ने कहा, उन्होंने नौकरी खोजने के नजरिये को बदल दिया है। अब वे वीडियो और डिजिटल बायोडाटा जैसे नए प्रारूपों का इस्तेमाल कर रहे हैं। लिंक्डइन इंडिया में करियर विशेषज्ञ निरजिता बनर्जी ने कहा, 83 फीसदी पेशेवर अपने नेटवर्क को बढ़ाने के लिए सक्रिय हो रहे हैं।
निजी अस्पताल 32,500 करोड़ का करेंगे निवेश
निजी क्षेत्र के अस्पताल अगले चार से पांच वर्षों में 32,500 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। इससे 30,000 बिस्तरों की संख्या बढ़ जाएगी। रेटिंग एजेंसी इक्रा ने बुधवार को एक रिपोर्ट में कहा, निवेश का सबसे ज्यादा फोकस शहरी क्षेत्रों पर रहने का अनुमान है।
40-45% रह जाएगी ईवी बिक्री की वृद्धि दर
टाटा मोटर्स का मानना है कि इस साल ई-वाहनों की बिक्री की वृद्धि दर घटकर 40-45 फीसदी रह सकती है। कंपनी के यात्री वाहन श्रेणी के एमडी शैलेष चंद्रा ने कहा, पिछले कैलेंडर वर्ष में ई-वाहनों की बिक्री की वृद्धि दर करीब 100 फीसदी रही थी।
एशियन पेंट्स के लाभ में 34 फीसदी बढ़ोतरी
एशियन पेंट्स का समेकित शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 34.46 फीसदी बढ़कर 1,475 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले लाभ 1,097 करोड़ रहा था। तीसरी तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 5.4 फीसदी बढ़कर 9,103 करोड़ पहुंच गया।