{"_id":"6758de5ac9a4e191630fcdf3","slug":"investment-in-equity-mutual-funds-for-45th-consecutive-month-25320-crore-sip-investment-in-november-2024-12-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mutual Fund: इक्विटी म्यूचुअल फंड में लगातार 45वें महीने निवेश, नवंबर में SIP से 25320 करोड़ का निवेश आया","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
Mutual Fund: इक्विटी म्यूचुअल फंड में लगातार 45वें महीने निवेश, नवंबर में SIP से 25320 करोड़ का निवेश आया
Wed, 11 Dec 2024 06:05 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Wed, 11 Dec 2024 06:05 AM IST
सार
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने एसआईपी में 25,320 करोड़ रुपये का निवेश आया। अक्तूबर में यह 25,323 करोड़ रुपये रहा था।
विज्ञापन
Mutual Fund SIP
- फोटो : Istock
विस्तार
इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश नवंबर, 2024 में मासिक आधार पर 14 फीसदी घटकर 35,943 करोड़ रह गया। विभिन्न आर्थिक कारकों, कई देशों में तनाव व अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों से उत्पन्न अस्थिरता के कारण निवेश में गिरावट आई है। इसके बावजूद नवंबर में लगातार 45वें महीने इक्विटी आधारित फंड में शुद्ध निवेश आया, जो निवेशकों के बीच म्यूचुअल फंड के बढ़ते आकर्षण का संकेत है। हालांकि, सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) में निवेश स्थिर रहा। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने एसआईपी में 25,320 करोड़ रुपये का निवेश आया। अक्तूबर में यह 25,323 करोड़ रुपये रहा था।
विज्ञापन
कुल निवेश 75 फीसदी घटा
आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने म्यूचुअल फंड उद्योग में कुल 60,295 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। यह आंकड़ा अक्तूबर के 2.4 लाख करोड़ रुपये की तुलना में करीब 75 फीसदी कम है। इसकी प्रमुख वजह डेट फंड निवेश में बड़ी गिरावट है। अक्तूबर के 1.57 लाख करोड़ की तुलना में नवंबर में डेट फंडों में सिर्फ 12,915 करोड़ का निवेश हुआ।
विज्ञापन
एयूएम बढ़कर 68 लाख करोड़
निवेश में गिरावट के बावजूद म्यूचुअल फंड उद्योग की प्रबंधन के अधीन शुद्ध परिसंपत्तियां (एयूएम) बढ़कर 68.08 लाख करोड़ रुपये पहुंच गईं, जो अक्तूबर में 67.25 लाख करोड़ रुपये थीं।
विज्ञापन
इक्विटी योजनाओं में ऐसा रहा प्रवाह
| फंड | रकम (करोड़ रुपये में) |
|---|---|
| थीमैटिक | 7,658 |
| फ्लैक्सी कैप | 5,084 |
| लार्जकैप | 2,548 |
| मिडकैप | 4,883 |
| स्मॉलकैप | 4,112 |
| एनएफओ | 4,052 |