{"_id":"68211e7237d36ab3160ea443","slug":"indian-market-increased-by-4-57-percent-in-one-month-due-to-return-of-foreign-investors-news-in-hindi-2025-05-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Stock Market: विदेशी निवेशकों की वापसी से शेयर बाजार में लौटी रौनक, एक माह में 4.57 फीसदी बढ़ा भारतीय बाजार","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
Stock Market: विदेशी निवेशकों की वापसी से शेयर बाजार में लौटी रौनक, एक माह में 4.57 फीसदी बढ़ा भारतीय बाजार
Mon, 12 May 2025 03:32 AM IST
शुभम कुमार
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो
Published by: शुभम कुमार
Updated Mon, 12 May 2025 03:32 AM IST
सार
अप्रैल से अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की वापसी से भारतीय शेयर बाजार में 4.57% की तेजी दर्ज की गई है। इस दौरान एफआईआई ने कुल 18,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इनमें अप्रैल में 4,223 करोड़ और मई में अब तक 14,167 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है।
विज्ञापन
भारतीय शेयर बाजार
- फोटो : एडोव
विस्तार
विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी एफआईआई के वापस लौटने से भारतीय शेयर बाजार में अप्रैल से लेकर अब 4.57 फीसदी की तेजी आई है। इस दौरान इन निवेशकों ने हमारे बाजार में कुल 18,000 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश किया है। इसमें से अप्रैल में 4,223 करोड़ और मई में अब तक 14,167 करोड़ का निवेश किया है। सितंबर के बाद से विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से पैसा निकालकर दूसरे सस्ते मूल्यांकन वाले बाजार में लगा रहे थे। इससे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई सेंसेक्स में जबरदस्त गिरावट आनी शुरू हो गई थी।
विज्ञापन
बता दें कि 26 सितंबर, 2024 को सेंसेक्स शीर्ष स्तर 85,836 पर बंद हुआ था। लेकिन उसके बाद यह इस साल चार मार्च को 72,989 के स्तर तक टूट गया था। यानी अक्तूबर से मार्च के बीच सेंसेक्स में 12,800 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी। इसी के साथ बाजार पूंजीकरण में भी 80 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की गिरावट आई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें:- US China Trade Deal: टैरिफ युद्ध के बीच अमेरिका-चीन के बीच व्यापार समझौते पर वार्ता पूरी, आज जारी होगा ब्योरा
विज्ञापन
हालांकि, मार्च में जैसे ही एफआईआई की निकासी कम हुई, बाजार ऊपर की ओर चढ़ने लगा। इन निवेशकों ने मार्च में केवल 3,973 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। जबकि उससे पहले अक्तूबर में 94,017 करोड़, नवंबर में 21,612 करोड़ के शेयर बेचे। दिसंबर में जरूर 15,446 करोड़ का निवेश किया, लेकिन जनवरी में फिर से 78,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की निकासी कर लिए। फरवरी में यह निकासी घटकर 34,574 करोड़ रुपये रह गई। अप्रैल में इन निवेशकों ने जब 4,223 करोड़ रुपये का निवेश किया तो सेंसेक्स ने फिर से वापसी की। एक अप्रैल को सेंसेक्स 76,024 पर बंद हुआ था जो मार्च में 72,984 तक चला गया था।
साल के अंत तक मिल सकता है अच्छा रिटर्न
मई के अब तक के 6 कारोबारी दिवसों में इन निवेशकों ने 14,167 करोड़ निवेश किया व सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 80,746 के स्तर पर पहुंच गया। अप्रैल से लेकर अब तक 6.5 फीसदी का रिटर्न दिया है। हालांकि, पाक के साथ तनाव से शुक्रवार को सेंसेक्स में भारी गिरावट ने रिटर्न को कम कर दिया। इन निवेशकों ने इस साल 98,184 करोड़ रुपये की भारी निकासी की है। वैश्विक स्तर पर चीजें सही होने, तनाव घटने और खासकर पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध विराम के चलते विदेशी निवेशक आगे निवेश करते रहेंगे। इससे साल के अंत तक बाजार में अच्छा रिटर्न मिल सकता है।
ये भी पढ़ें:- Indian Economy: वित्त वर्ष 2026 में भारतीय अर्थव्यवस्था 6.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने की संभावना, सीआईआई का दावा
शीर्ष-8 कंपनियों की पूंजी 1.60 लाख करोड़ घटी
शेयर बाजार में सूचीबद्ध शीर्ष-8 कंपनियों की पूंजी पिछले हफ्ते 1.60 लाख करोड़ रुपये घट गई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 1,047 अंक गिरकर बंद हुआ। सबसे अधिक 59,799 करोड़ रुपये पूंजी रिलायंस की घटी और यह 18.64 लाख करोड़ रुपये रह गई। आईसीआईसीआई बैंक की पूंजी 30,185 करोड़ रुपये घटकर 9.90 लाख करोड़ रुपये रह गई।