ग्राहकों को लुभाने के लिए व्यापारी बेच रहे सस्ता सोना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोने के भाव पिछले दो साल में पहली बार 31000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गए हैं। हालांकि ज्वेलरी निर्माता बाजार में ग्राहकी न होने की वजह से डिस्काउंट कीमत पर ज्वेलरी की बिक्री कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को कॉमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में सोने की कीमत 31000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई, लेकिन बाजार में सोना 30000 रुपये प्रति 10 ग्राम से भी कम दाम पर बिक रहा था।
घरेलू बाजार में सोने की मांग में कमी का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि पिछलो तीन महीनों से सोने के आयात में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मई महीने में सोने के आयात में 39 फीसदी की
गिरावट आई। सर्राफा कारोबारी विमल गोयल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने के दाम में बढ़ोतरी को देखते हुए एमसीएक्स में सोने की कीमत 31000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई जो कि पिछले दो साल में सबसे अधिक है। लेकिन बाजार में ग्राहकों की भारी कमी को देखते हुए सर्राफा बाजार में सोने के दाम 29850 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहे हैं।
सर्राफा कारोबारियों ने बताया कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के भाव के मुकाबले सोने पर 3 फीसदी से अधिक का डिस्काउंट देना पड़ रहा है। फिर भी ग्राहकों की भारी कमी चल रही है। कारोबारियों के मुताबिक घरेलू बाजार में सोने की मांग में अब अगस्त के बाद से ही तेजी की उम्मीद की जा सकती है। कारोबारियों का यह भी कहना कि सोने की खरीदारी को लेकर सरकार की तरफ से कई प्रकार के नए नियमों की वजह से भी सोने की बिक्री प्रभावित हुई है।
दुनिया में दो साल के टॉप पर सोना
अमेरिका में ब्याज दर टलने और यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के बाहर निकलने की चर्चा से वैश्विक स्तर पर सोना दो साल के टॉप पर चला गया । स्थानीय बाजार में भी सोने ने उछाल दर्ज की और यह 580 रुपये बढ़कर 30,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी ने भी गति पकड़ी और यह 700 रुपये की तेजी के साथ 42,050 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
एमसीएक्स में 16 जून के लिए सोने का फ्यूचर भाव 31,082 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। वैश्विक स्तर पर सोना करीब 1 फीसदी बढ़कर 1,304.20 डॉलर प्रति औंस हो गया। उधर, चांदी भी 2 फीसदी बढ़कर 17.86 डॉलर प्रति औंस हो गई।
विश्व स्तर पर बढ़ती आर्थिक और राजनीतिक अनिश्चितता से इस साल अभी तक सोने में 23 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है।