काम की बात: पिता के लिए उम्र और पेशे के हिसाब से खरीदें स्वास्थ्य बीमा
- महामारी के दौरान माता-पिता के लिए पॉलिसी खरीदने पर ज्यादा जोर दे रहे लोग
- पिता ही एकमात्र कमाने वाले हों तो बढ़ जाती है स्वास्थ्य बीमा की महत्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संकट के दौर में स्वास्थ्य बीमा का महत्व काफी बढ़ गया है। लोग बच्चों और पत्नी के साथ माता-पिता के लिए भी स्वास्थ्य बीमा खरीदने पर जोर दे रहे हैं। स्वास्थ्य बीमा विशेषज्ञों का कहना है कि पिता के लिए उम्र और पेशे के हिसाब से स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी का चुनाव करना चाहिए। इससे पिता को न सिर्फ अच्छा इलाज मिल पाता है, बल्कि उनके अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में बच्चों पर वित्तीय भार नहीं पड़ता है। कई मामलों में घर में जब पिता ही एकमात्र कमाने वाले हों तो पर्याप्त स्वास्थ्य बीमा कवर की जरूरत और बढ़ जाती है। इसलिए एक जिम्मेदार बेटे के रूप में अपने जीवन स्तर, जरूरतों, जोखिम लेने और भुगतान करने की क्षमता के आधार पर पिता के लिए पर्याप्त स्वास्थ्य बीमा कवर जरूर खरीदना चाहिए।
सेवानिवृत्ति से पहले कल्याण कार्यक्रमों का इस्तेमाल
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि आपके पिता मध्यम आयु वर्ग के हैं तो उन्हें कल्याण कार्यक्रमों का अधिकतम इस्तेमाल करना चाहिए। इनमें मैराथन एवं अन्य फिटनेस गतिविधियों में भागीदारी लेना भी शामिल है। इससे न सिर्फ सक्रिय और फिट रहा जा सकता है, बल्कि वृद्धावस्था में होने वाली बीमारियों से भी बचा जा सकता है। इसके अलावा, कल्याण कार्यक्रमों से जुड़े रहने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए कई प्रकार के रिवार्ड भी मिलते है। बीमा कंपनियां ऐसे ग्राहकों के लिए हर साल नो-क्लेम बोनस और अतिरिक्त बीमा राशि भी देती हैं।
खर्च घटाने के लिए जरूर लें ओपीडी कवर
पिता के वरिष्ठ नागरिक होने की स्थिति में ऐसे स्वास्थ्य बीमा का चुनाव करना चाहिए, जिसमें ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) कवर भी हो। यह नियमित ओपीडी के खर्चे घटाने में मददगार होता है। इसके अलावा, पिता के लिए स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी खरीदते समय क्लेम प्रोटेक्टर कवर विकल्प भी ले सकते हैं। इससे इलाज के दौरान होने वाले ज्यादा खर्चों से राहत मिलेगी।
इन बातों का भी रखें ध्यान
1. सम एश्योर्ड को दें प्राथमिकता- सम एश्योर्ड वह रकम होती है, जो बीमा कंपनी इलाज के खर्चों के लिए प्रतिपूर्ति के रूप में आपको लौटाती है। वरिष्ठों के लिए स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी खरीदते समय हमेशा ज्यादा सम एश्योर्ड को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे स्वास्थ्य आपातकाल के लिए बड़ी राशि प्राप्त हो सकती है।
2. गंभीर बीमारियों के लिए कवरेज- ऐसी पॉलिसी का चुनाव करना चाहिए, जिसमें गंभीर बीमारियां भी कवर हों और खासतौर पर प्री-एग्जिस्टिंग (पहले से मौजूद) बीमारियां।
3. व्यापक हॉस्पिटल नेटवर्क- ऐसी कंपनी से स्वास्थ्य बीमा खरीदें, जिसके पास व्यापक हॉस्पिटल नेटवर्क हो। इससे आपातकालीन स्थिति में कैशलेस इलाज की सुविधा मिल जाती है।
4. प्री-एग्जिस्टिंग बीमारियों की दें जानकारी- पॉलिसी खरीदते समय प्री-एग्जिस्टिंग बीमारियों के इतिहास को छिपाना नहीं चाहिए। अन्यथा क्लेम सेटलमेंट के दौरान समस्या आ सकती है।
5. पॉलिसी खरीदने में देर न करें- पिता के लिए स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी खरीदने में देर नहीं करनी चाहिए। आप जितनी जल्द पॉलिसी खरीदेंगे, उतना ही ज्यादा उसका लाभ मिलेगा। प्रीमियम भी अपेक्षाकृत कम चुकाना पड़ेगा।
टर्म प्लान खरीदने से पहले सेटलमेंट रेश्यो जरूर देखें
टर्म खरीदने से पहले कंपनी का क्लेम सेटलमेंट रेश्यो जरूर देखें। इससे पता चलता है कि एक वित्त वर्ष में हर 100 दावों में से कितने दावों का भुगतान कंपनी ने किया है। टेबल के जरिए जानें, किस कंपनी का सेटलमेंट रेश्यो कितना है...
कंपनी मासिक प्रीमियम (रुपये में) सेटलमेंट रेश्यो
मैक्स लाइफ इंश्योरेंस 1,611 99.40 फीसदी
टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस 1,625 99.10 फीसदी
एचडीएफसी लाइफ 2,282 99.10 फीसदी
बजाज आलियांज 1,562 98.50 फीसदी
कोटक लाइफ 2,160 98.50 फीसदी
एक्साइड लाइफ इंश्योरेंस 1,100 98.20फीसदी
पीएनबी मेटलाइफ 1,566 98.20 फीसदी
एगॉन लाइफ 1,112 98.00 फीसदी
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस 1,685 97.90 फीसदी
एडलवीज टोक्यो लाइफ 1,457 97.00 फीसदी
(सोर्स : पॉलिसीबाजार डॉट कॉम, उम्र : 40साल, कवरेज अवधि : 60 साल, बीमित राशि : एक करोड़ रुपये)