Updates: भारत-ब्रिटेन FTA पर कल मुहर, ब्रिटेन में एपल-गूगल पर सख्ती बढ़ाने का प्रस्ताव; हैदराबाद में ED की दबि
भारत और ब्रिटेन गुरुवार को लंदन में मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर करेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और उनके ब्रिटिश समकक्ष जोनाथन रेनॉल्ड्स इस समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। इससे समझौते से श्रम-प्रधान उत्पादों जैसे चमड़ा, जूते और कपड़े का रियायती दरों पर निर्यात संभव होगा। साथ ही ब्रिटेन से व्हिस्की और कारों का आयात सस्ता हो जाएगा। इस डील से दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार को 2030 तक दोगुना करके 120 अरब डॉलर तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
पाकिस्तान ने वित्त वर्ष 2025 में विदेशों से लिया 26.7 अरब डॉलर कर्ज
पाकिस्तान ने पिछले वित्त वर्ष के दौरान 26.7 अरब डॉलर विदेश से कर्ज लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह देश की बहुपक्षीय और द्विपक्षीय ऋणदाताओं पर बढ़ती निर्भरता को दर्शाता है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार पाकिस्तान को वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 26.7 अरब डॉलर का कर्ज मिला। इसमें से करीब आधा पैसा पुराने कर्ज को चुकाने के लिए दोबारा उधार लिया गया। रिपोर्ट में आर्थिक मामलों के मंत्रालय, स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) और वित्त मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया कि यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले थोड़ा ज्यादा है।
SALIC ने ओलाम एग्री में 64.57 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए CCI से मांगी मंजूरी
सऊदी अरब की पीआईएफ की निवेश इकाई SALIC ने ओलाम एग्री में 64.57 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) से मंजूरी मांगी है।सार्वजनिक निवेश कोष (पीआईएफ) के पास 925 अरब डॉलर से अधिक की परिसंपत्तियां (एयूएम) है।
मंगलवार को CCI में दाखिल की गई सूचना के अनुसार, यह प्रस्तावित सौदा SALIC द्वारा ओलम एग्री प्राइवेट लिमिटेड और ओलम होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड से ओलम एग्री की 44.58 प्रतिशत और अधिकतम 64.57 प्रतिशत तक की शेयर पूंजी के अप्रत्यक्ष अधिग्रहण से संबंधित है। SALIC ने बताया कि यह अधिग्रहण 24 फरवरी 2025 को हुए शेयर खरीद समझौते के तहत किया जा रहा है।
पेटीएम ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली फिनटेक कंपनी वन97 के शयरों में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार सुबह के कारोबार में कंपनी के शेयर में करीब तीन प्रतिशत की गिरावट आई। बीएसई पर शेयर 2.62 प्रतिशत गिरकर 1,025 रुपये पर आ गया। वहीं एनएसई में यह 2.46 प्रतिशत गिरकर 1,025.10 रुपये पर आ गया।
वन97 कम्युनिकेशंस ने मंगलवार को जून 2025 को समाप्त तिमाही में 122.5 करोड़ रुपये का अपना पहला समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया। पेटीएम को पिछले वर्ष की समान अवधि में 840 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
ब्रिटेन के प्रतिस्पर्धा रोधी नियामक ने गूगल और एपल पर लागू होने वाले नियमों को और सख्त बनाने का प्रस्ताव दिया है। नियामक ने मोबाइल पारिस्थितिकी तंत्र को "रणनीतिक बाजार का दर्जा" देने की बात कही है, इससे बाजार की प्रतिस्पर्धा में सुधार के लिए बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों के लिए उनके ढांचे में बदलाव करना जरूरी हो जाएगा।
प्रतिस्पर्धा और बाजार प्राधिकरण की बुधवार की घोषणा, वर्ष की शुरुआत में गूगल के एंड्रॉइड और एपल के आईओएस पर अलग-अलग जांच के बाद आई है, जिसमें बड़ी टेक कंपनियों की अनुचित प्रथाओं से उपभोक्ताओं और व्यवसायों की रक्षा के लिए डिजाइन किए गए नए अधिग्रहीत डिजिटल बाजार नियमों का उपयोग किया गया है।
निगरानी संस्था ने कहा कि एपल और गूगल के पास एक "प्रभावी डुओपोली" है, ब्रिटेन में 90-100% मोबाइल डिवाइस इन दोनों में से किसी एक के मोबाइल प्लेटफॉर्म पर चल रहे हैं। इसकी जांच में व्यवसायों और उपभोक्ताओं को प्रभावित करने वाली कई चिंताएं पाई गईं है। इनमें अप्रत्याशित एप समीक्षाएं, असंगत एप स्टोर खोज रैंकिंग और इन-ऐप खरीदारी पर 30% तक का कमीशन तक शामिल हैं।
बैंक धोखाधड़ी मामले में ईडी की छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक कंपनी और उसकी सहयोगी संस्थाओं के प्रवर्तकों और निदेशकों के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी के एक मामले में हैदराबाद में छह जगहों पर छापेमारी की है। ईडी ने सीबीआई के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की ओर से हैदराबाद में एसईडब्ल्यू एलएसवाई हाईवेज लिमिटेड और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर अपनी जांच शुरू की। इन धाराओं में कथित तौर पर ऋण राशि की हेराफेरी, धोखाधड़ी और आपराधिक कदाचार के परिणामस्वरूप सार्वजनिक धन की हानि शामिल है।
संघीय एजेंसी के हैदराबाद क्षेत्रीय कार्यालय ने एसईडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एसआईएल), प्रसाद एंड कंपनी (प्रोजेक्ट वर्क्स) प्राइवेट लिमिटेड (पीएसपीडब्ल्यूपीएल), समूह की कंपनियों और उनके प्रवर्तकों एवं निदेशकों के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी के एक मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत मंगलवार को हैदराबाद में छह जगहों पर तलाशी अभियान चलाया।