{"_id":"5ed73f51ea99e6504830180f","slug":"uday-kotak-sold-more-than-2-percent-stake-in-kotak-mahindra-bank-for-rs-6944-crore","type":"story","status":"publish","title_hn":"उदय कोटक ने 6944 करोड़ रुपये में बेची कोटक महिंद्रा बैंक की 2.83 फीसदी हिस्सेदारी","category":{"title":"Bazar","title_hn":"बाज़ार","slug":"bazaar"}}
उदय कोटक ने 6944 करोड़ रुपये में बेची कोटक महिंद्रा बैंक की 2.83 फीसदी हिस्सेदारी
Wed, 03 Jun 2020 11:42 AM IST
डिंपल अलवधी
पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली
Published by: डिंपल अलवधी
Updated Wed, 03 Jun 2020 11:42 AM IST
विज्ञापन
कोटक महिंद्रा बैंक (फाइल फोटो)
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अरबपति बैंकर उदय कोटक ने कोटक महिंद्रा बैंक में प्रवर्तक समूह की 2.83 फीसदी हिस्सेदारी 6,944 करोड़ रुपये में बेच दी है। शेयरों की यह बिक्री खुले बाजार सौदों में की गई। इस बिक्री के बाद निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक में उदय कोटक प्रवर्तक समूह की हिस्सेदारी घटकर 26.10 फीसदी रह गई। यह रिजर्व बैंक के तय मानकों के अनुरूप होगी।
विज्ञापन
रिजर्व बैंक ने उदय कोटक को बैंक में अपनी हिस्सेदारी को घटाकर 26 फीसदी पर लाने का आदेश दिया था। कोटक महिंद्रा बैंक ने इससे पहले सप्ताहांत पात्र संस्थागत निवेशकों को शेयरों के नियोजन के जरिए 7,400 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस आवंटन के बाद बैंक में प्रवर्तक समूह की हिस्सेदारी एक फीसदी से कुछ अधिक घटकर 29.8 फीसदी रह गई थी।
विज्ञापन
रिजर्व बैंक और कोटक के बीच इस साल की शुरुआत में एक समझौता हुआ। इसके तहत प्रवर्तक की हिस्सेदारी कोटक बैंक में अगस्त तक 26 फीसदी पर लाई जानी है। बाजार सूत्रों के अनुसार कोटक बैंक के शेयरों को 1,215 से लेकर 1,240 रुपये प्रति शेयर के मूल्य दायरे के शीर्ष मूल्य पर बेचा गया। नियम के मुताबिक शेयर बिक्री पिछले दिन के बंद भाव के मुकाबले एक फीसदी से कम नहीं होनी चाहिये। इस लिहाज से भाव 1,236 रुपये प्रति शेयर बन रहा था, लेकिन बैंक ने यह बिक्री 1,240 रुपये प्रति शेयर पर की।
विज्ञापन
कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों को खरीदने वाले निवेशकों में एसबीआई म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और निपॉन इंडिया म्यूचुअल फंड शामिल हैं। मुंबई शेयर बाजार में कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर मूल्य मंगलवार को कारोबार की समाप्ति पर 7.52 फीसदी बढ़कर 1,343.20 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान दिन में एक समय यह 8.26 फीसदी उछलकर 1,352.55 रुपये तक पहुंच गया था।
अरबपति कारोबारी उदय कोटक और रिजर्व बैंक के बीच हिस्सेदारी कम करने का मुद्दा काफी लंबे समय से चल रहा था। कोटक महिंद्रा बैंक में उदय कोटक की तय मानकों से अधिक हिस्सेदारी को लेकर रिजर्व बैंक ने आदेश दिया था जिसके अनुपालन में काफी खींचतान हुई। बहरहाल, उदय कोटक को अब अगस्त मध्य तक रिजर्व बैंक नियमों का अनुपालन करने के लिए शेष 0.10 फीसदी और हिस्सेदारी बेचनी है।