Share Market: शेयर बाजार में बिकवाली; सेंसेक्स 75000 तो निफ्टी 22750 से नीचे, निवेशकों के 1.34 लाख करोड़ डूबे
Sensex Opening Bell: सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर सेंसेक्स 315 अंकों या 0.42% की गिरावट के साथ 74,857 पर कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर, निफ्टी50 103 अंक या 0.45% की गिरावट के साथ 22,785 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
विस्तार
बैंकों, वित्तीय, वाहन और आईटी कंपनियों के शेयरों में बुधवार की सुबह तेज गिरावट दिखी। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 530 अंक या 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,640 पर कारोबार करता दिखा। वहीं व्यापक एनएसई निफ्टी सूचकांक 168 अंक या 0.73 प्रतिशत गिरकर 22,721 के स्तर पर पहुंच गया। घरेलू बाजारों में गिरावट इस कदर रही कि बीएसई का बाजार पूंजीकरण करीब 1.3 लाख करोड़ रुपये घट गया। बीएसई के मार्केट कैप के आधार पर आज निवेशकों की संपत्ति 1.34 लाख करोड़ रुपये घटकर 415.58 लाख करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले सत्र के दौरान 416.92 लाख करोड़ रुपये था।
बीएसई पर 34 शेयर 52 सप्ताह के निचले स्तर पर
बीएसई के 34 शेयर आज शुरुआती कारोबार में अपने 52 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गए। वहीं 111 शेयरों एक साल के उच्च स्तर पर पहुंचे। सुबह से ही बाजार में नकारात्मक रुझान हावी रहा। बीएसई पर कुल 3,644 शेयरों में से 1,926 शेयरों में गिरावट दिखी। वहीं, 1,571 शेयरों में तेजी रही, जबकि 147 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।
पीएनबी हाउसिंग, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, आईआरसीटीसी, जेडएफ कमर्शियल व्हीकल कंट्रोल सिस्टम्स इंडिया लिमिटेड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ, इंडिगो और मैक्रोटेक डेवलपर्स के शेयर 6.23 प्रतिशत तक गिर गए।
सेंसेक्स में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, इंफोसिस, एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टीसीएस के शेयरों में गिरावट रही। पावर ग्रिड और हिंडाल्को के शेयर हरे निशान पर कारोबार करते दिखे।
बाजार खुले ही बिकवाली हुई हावी
इससे पहले वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बाद भारतीय शेयर बाजार भी बुधवार को गिरावट के साथ खुले। लगातार चौथे कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार गिरावट साथ खुले। निवेशकों की नजर इस हफ्ते आने वाले अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर टिकी रही। इससे वे आने वाले समय में ब्याज दरों पर फेडरल रिजर्व के फैसले का अनुमान लगा सकेंगे। गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान सभी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली दिखी। सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर सेंसेक्स 315 अंकों या 0.42% की गिरावट के साथ 74,857 पर कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर, निफ्टी50 103 अंक या 0.45% की गिरावट के साथ 22,785 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।