Gold Silver Price: अमेरिका-चीन व्यापार समझौते की उम्मीद से ₹1000 गिरा सोना, ₹98400 प्रति 10 ग्राम पर भाव
Gold Silver Price: कमजोर वैश्विक रुख के बीच सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 1,000 रुपये घटकर 98,400 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,000 रुपए की गिरावट के साथ 97,900 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। चांदी की कीमत भी सोमवार को 1,400 रुपये की गिरावट के साथ 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। आइए जानते हैं, सर्राफा बाजार का हाल विस्तार से।
विस्तार
कमजोर वैश्विक रुख के बीच सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 1,000 रुपये घटकर 98,400 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु गुरुवार को 99,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,000 रुपए की गिरावट के साथ 97,900 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 98,900 रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
अमेरिका चीन के बीच तनाव घटने से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी
अबान्स फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिंतन मेहता ने कहा, "अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कम होने से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी है, जिससे सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्तियों जैसे कि बुलियन की मांग कम हुई है। मजबूत डॉलर ने सोने पर दबाव बढ़ा दिया, जिससे सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही।"
ये भी पढ़ें: Akshaya Tritiya: सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद अक्षय तृतीया पर खरीदारी की उम्मीद, बाजार में ये चर्चा
शुक्रवार को चीन ने घोषणा की कि वह कुछ अमेरिकी आयातों को अपने 125 प्रतिशत के भारी शुल्क से छूट देगा, हालांकि उसने इस बात से इनकार किया कि कोई औपचारिक व्यापार वार्ता चल रही है। इस बीच, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने संकेत दिया कि उन्हें मौद्रिक नीति को समायोजित करने की तत्काल कोई आवश्यकता नहीं दिखती, बल्कि इसके बजाय उन्होंने ट्रम्प प्रशासन के टैरिफ के आर्थिक प्रभाव पर नजर रखने का विकल्प चुना है।
भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से सोने में गिरावट हो सकती है सीमित
यह आक्रामक रुख यह सुझाव देता है कि ब्याज दरों में कटौती निकट भविष्य में संभव नहीं है। इससे सोने पर और अधिक दबाव पड़ेगा, जो आमतौर पर ब्याज दरें ऊंची रहने पर गैर-लाभकारी परिसंपत्ति के रूप में अपनी अपील खो देता है। मेहता ने आगे कहा, "भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से सोने की गिरावट सीमित हो सकती है। जैसे-जैसे युद्ध का खतरा बढ़ता है और नए संघर्ष सामने आते हैं, निवेशकों की ओर से सोने में निवेश की संभावना बढ़ जाती है।"
उन्होंने कहा, "प्रमुख शक्तियों के बीच बढ़ते तनाव तथा भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव जैसे क्षेत्रीय तनावों के कारण, सुरक्षित परिसंपत्ति के रूप में सोने की मांग बढ़ने की उम्मीद है, जिससे यह बाजार में अस्थिरता और अनिश्चितता के खिलाफ एक पसंदीदा बचाव बन जाएगा।" जम्मू व कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के विरोध में व्यापारियों के विरोध के कारण शुक्रवार को स्थानीय सर्राफा बाजार बंद रहे।
ये भी पढ़ें: IIP: वित्त वर्ष 2025 में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि 5.9 प्रतिशत से घटकर 4 प्रतिशत हुई, सरकारी आंकड़े जारी किए गए
दूसरी ओर, चांदी की कीमत भी सोमवार को 1,400 रुपये की गिरावट के साथ 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले सत्र में चांदी 99,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वैश्विक मोर्चे पर, सोना हाजिर करीब एक प्रतिशत गिरकर 3,291.04 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक जतीन त्रिवेदी ने कहा, "अमेरिका द्वारा कई देशों के साथ टैरिफ वार्ता शुरू करने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार संभावित चीन-अमेरिका व्यापार समझौते की बढ़ती उम्मीदों के बीच सोने में कमजोरी रही। इसके अलावा, संभावित रूस-यूक्रेन शांति समझौते को लेकर आशावाद ने सोने की सुरक्षित निवेश मांग को और कम कर दिया।"
ये भी पढ़ें: Sensex Closing Bell: शेयर बाजार में बढ़त के साथ क्लोजिंग; सेंसेक्स 1006 अंक चढ़ा, निफ्टी 24300 के पार पहुंचा
एशियाई बाजार में हाजिर चांदी 0.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 33.05 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि इस सप्ताह व्यापारियों को उम्मीद है कि मुख्य ध्यान टैरिफ से संबंधित घटनाक्रमों पर रहेगा। गांधी ने कहा कि वृहद आर्थिक मोर्चे पर, अप्रैल के लिए विनिर्माण पीएमआई, जीडीपी और सबसे महत्वपूर्ण अमेरिकी गैर-कृषि पेरोल व बेरोजगारी दर जैसे आंकड़े जारी होने से सर्राफा बाजार पर असर पड़ेगा।