{"_id":"5f8ac915ac0e4a4eb87753bc","slug":"tata-motors-ties-up-with-hdfc-bank-for-loan-of-vehicles-introduced-two-new-schemes","type":"story","status":"publish","title_hn":"टाटा मोटर्स ने HDFC बैंक के साथ मिलाया हाथ, पेश की कर्ज से जुड़ी दो योजनाएं","category":{"title":"Banking Beema","title_hn":"बैंकिंग बीमा","slug":"banking-beema"}}
टाटा मोटर्स ने HDFC बैंक के साथ मिलाया हाथ, पेश की कर्ज से जुड़ी दो योजनाएं
Sat, 17 Oct 2020 04:06 PM IST
डिंपल अलवधी
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: डिंपल अलवधी
Updated Sat, 17 Oct 2020 04:06 PM IST
विज्ञापन
टाटा मोटर्स ने कर्ज से जुड़ी दो योजनाएं की पेश
- फोटो : pixabay
टाटा मोटर्स ने अपने यात्री वाहनों के वित्तपोषण के लिए एचडीएफसी बैंक के साथ गठजोड़ किया है। कंपनी ने इस गठजोड़ के तहत वाहनों के वित्तपोषण के लिए दो योजनाएं पेश की हैं। इस संदर्भ में टाटा मोटर्स ने एक बयान में कहा कि त्योहारी सत्र में बिक्री को बढ़ाने तथा उत्पादों की पहुंच आसान बनाने के लिए एचडीएफसी बैंक के साथ मिलकर दो नई योजनाएं- 'ग्रैजुएल स्टेप अप स्कीम' और 'टीएमएल फ्लेक्सी ड्राइव स्कीम' पेश की गई हैं।
विज्ञापन
नवंबर तक उपलब्ध होंगी योजनाएं
कंपनी ने कहा कि ये दोनों योजनाएं नवंबर 2020 के अंत तक उपलब्ध होंगी। इनका लाभ भारत स्टेज-6 के अनुकूल सभी कारों, स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) और इलेक्ट्रिकल वाहनों पर लिया जा सकेगा।
विज्ञापन
क्या है ग्रैजुएल स्टेप अप स्कीम?
'ग्रैजुएल स्टेप अप स्कीम' के तहत उपभोक्ता प्रति लाख पर मासिक 799 रुपये की न्यूनतम किस्त का लाभ ले सकते हैं। मासिक किस्त वाहन के मॉडल व संस्करण पर निर्भर होगी। मासिक किस्तें खरीदार की सहुलियत के हिसाब से दो साल तक धीरे-धीरे बढ़ती जाएंगी।
विज्ञापन
क्या है टीएमएल फ्लेक्सी ड्राइव स्कीम?
'टीएमएल फ्लेक्सी ड्राइव स्कीम' के तहत उपभोक्ता प्रत्येक साल किन्हीं तीन ऐसे महीनों का चयन कर सकते हैं, जिन महीनों में वह न्यूनतम किस्त का भुगतान करना चाहते हों। कंपनी ने कहा कि ये योजनाएं उपभोक्ताओं को वाहन की किस्तें भरने में आसानी प्रदान करने के लिए पेश की गई हैं।
ग्राहकों को ऐसे होगा फायदा
इस संदर्भ में टाटा मोटर्स के विपणन प्रमुख (यात्री वाहन व्यवसाय) विवेक श्रीवत्स ने कहा कि, 'यह व्यक्तिगत वाहनों को लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध बनाने की हमारी मुहिम का हिस्सा है, ताकि उपभोक्ता इस साल त्योहारी सत्र में अपने वाहन का लाभ ले सकें।' टाटा मोटर्स ने कहा कि वह इन दोनों योजनाओं के तहत अपने सभी यात्री वाहनों पर एक्स-शोरूम कीमत के 100 फीसदी का ऋण उपलब्ध कराने की सुविधा दे रही है।