ऑटो जगत पर भी पड़ा कोरोना वायरस का कहर, SIAM ने कहा प्रभावित होगा उत्पादन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस ने अब तक दुनियाभर में कई लोगों की जानें ले ली है। इसका खौफ इस हद तक दुनिया भर में फैल गया है कि कई बड़े कार्यक्रम अब तक रद्द कर दिए गए हैं। कोरोना वायरस ने जिंदगियों के साथ व्यापार को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। इसका असर अमेरिका से लेकर भारत तक पर पड़ा है। वहीं, चीन और ईरान जैसे देशों पर कोरोना वायरस कहर बन कर गिरा है। ऐसे में अब इसका असर भारतीय ऑटो सेक्टर पर भी देखने को मिल सकता है। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) की तरफ से बताया गया है कि कोरोना वायरस के कारण वाहनों का उत्पादन काफी प्रभावित होगा।
SIAM ने बुधवार को कहा है कि चीन में कोरोना वायरस के कहर के चलते भारत में सभी श्रेणियों में वाहन उत्पादन गंभीर रूप से प्रभावित होने की आशंका है। दरअसल इसके पीछे का एक बड़ा कारण वाहन विनिर्माताओं का अपना करीब 10 फीसदी कच्चा माल पड़ोसी देश से आयात करना है।
सियाम (SIAM) के अध्यक्ष राजन वढेरा ने एक बयान में कहा कि ऑटो इंडस्ट्री ने चीन के नए साल में होने वाली छुट्टियों के चलते पहले ही माल जमा कर लिया था, लेकिन अब कोरोना वायरस के चलते जो लंबी रुकावट का सामना करना पड़ रहा है, उसके चलते BS-6 वाहनों के लिए आपूर्ति प्रभावित होने का अंदेशा है।
सियाम ने कहा है कि इन कलपुर्जों की आपूर्ति प्रभावित होने से सभी सेगमेंट जैसे कि यात्री वाहन, कॉमर्शियल वाहन, थ्री-व्हीलर, दोपहिया और इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है। सियाम की तरफ से आगे कहा गया है कि मैन्युफैक्चरर अपनी आपूर्ति श्रृंखला की मांग को पूरा करने के लिए दूसरे इंतजाम भी कर रहे हैं। हालांकि, इसमें उत्पादन के स्तर को पहले जैसा बनाने में काफी समय लगेगा, क्योंकि इन कलपुर्जों के लिए शेड्यूल टेस्टिंग की जरूरत होगी।
इस बीच जर्मनी की वाहन विनिर्माता बीएमडब्ल्यू इंडिया (BMW India) ने कहा है कि उसके भारतीय परिचालन में जून तक आपूर्ति श्रृंखला में कोई बाधा नहीं आएगी। बीएमडब्ल्यू इंडिया के अध्यक्ष और सीईओ रुद्रतेज सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया, “इस समय हम अच्छी स्थिति में हैं और अगली तिमाही (अप्रैल-जून) के लिए भी तैयार हैं।”