खुशखबर: SBI के बाद अब इन बैंकों ने भी सस्ता किया कर्ज, आपको होगा फायदा
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड बेस्ड ब्याज दर (एमसीएलआर) में कटौती की घोषणा के बाद यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस ने भी ग्राहकों को राहत दी है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने इतनी की कटौती
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स (MCLR) आधारित लेंडिंग रेट को सभी अवधि के लिए पांच से 15 आधार अंक कम किया है। यह जुलाई 2019 के बाद से बैंक द्वारा घोषित दर में 11वीं लगातार कटौती है। नई दर 11 मई 2020 से लागू होंगी।
| अवधि | एमसीएलआर |
| ओवरनाइट एमसीएलआर | 7.15% |
| 1 महीने का एमसीएलआर | 7.15% |
| 3 महीने का एमसीएलआर | 7.40% |
| 6 महीने का एमसीएलआर | 7.55% |
| 1 साल का एमसीएलआर | 7.70% |
आज से लागू हो रही है PNB हाउसिंग फाइनेंस ने नई दर
आवास ऋण कंपनी पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस ने मौजूदा ग्राहकों के लिए ऋण दरों में 0.15 फीसदी की कटौती की घोषणा की है। यह कटौती व्यक्तिगत आवास ऋण और संपत्ति के एवज में लिए गए ऋण दोनों के लिए होगी। ऋण दर में कटौती 9 मई से लागू हो गई है।
बैंक ने बयान में कहा कि यह कटौती उन सभी मौजूदा खुदरा ग्राहकों को को उपलब्ध होगी, जिन्होंने फरवरी, 2020 से पहले फ्लोटिंग दर पर कर्ज लिया है। पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीरज व्यास ने कहा कि, 'हमने मौजूदा कोविड-19 संकट के दौरान ग्राहकों को राहत देने के लिए यह कदम उठाया है। इससे आवास क्षेत्र में वृद्धि में भी मदद मिलेगी। इसका लाभ हमारे 2.35 लाख ग्राहकों को मिलेगा, बेशक उनके ऋण की मूल राशि कितनी भी हो।' कंपनी अपने खुदरा ग्राहकों को आवास और गैर-आवास ऋण देती है। इसके अलावा कंपनी रीयल एस्टेट डेवलपर्स को निर्माण के लिए भी कर्ज देती है।
सबसे पहले SBI ने सस्ता किया था लोन
इससे पहले 7 मई को एसबीआई ने भी एमसीएलआर में कटौती की घोषणा की थी। कटौती के बाद एक साल का एमसीएलआर 7.40 फीसदी से घटकर 7.25 फीसदी पर आ गया है। इसमें 15 आधार अंकों की कमी की गई, जिससे ग्राहकों को काफी फायदा पहंचेगा। नई दरें 10 मई 2020 से लागू होंगी।
ग्राहकों को होगा फायदा
मालूम हो कि मजूदा वित्त वर्ष में एसबीआई ने लगातार 12वीं बार एमसीएलआर में कटौती की है। इससे ग्राहकों को काफी फायदा होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि उनकी होम लोन की ईएमआई में कमी आएगी। हालांकि अगर आपका होम लोन एसबीआई की एमसीएलआर दर से जुड़ा है, तो नई कटौती आपकी ईएमआई को तुरंत नीचे नहीं ला सकती है, क्योंकि एमसीएलआर आधारित कर्ज में आमतौर पर एक साल का रीसेट क्लॉज होता है। बता दें कि एमसीएलआर दरें बैंक की अपनी लागत पर आधारित होती है।
इतना सस्ता होगा होम लोन
इस संदर्भ में एसबीआई ने कहा कि अगर आपने 30 साल की अवधि के लिए 25 लाख रुपये का लोन लिया है, जो एमसीएलआर आधारित है, तो आपके होम लोन की ईएमआई करीब 255 रुपये कम हो जाएगी।