धनाढ्य वर्ग के लिए स्टेट बैंक ने शुरू किया 'एसबीआई एक्सक्लूसिफ'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय स्टेट बैंक ने धनाढ्य वर्ग को लक्ष्य कर एक नई सेवा, एसबीआई एक्सक्लूसिफ शुरू की है। इसके तहत ग्राहकों को संपत्ति प्रबंध और निवेश की सभी सेवाएं मिलेंगी। फिलहाल इस सेवा के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है, लेकिन बाद में इस पर शुल्क लगाया जा सकता है।
स्टेट बैंक की अध्यक्ष, अरुंधति भट्टाचार्य ने इस सेवा की शुरुआत करते हुए बताया कि इसके तहत ग्राहकों को संपत्ति प्रबंध, बीमा, इक्विटी या सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश, म्यूचुअल फंड में निवेश आदि से संबंधित सलाह दी जाएगी। जो ग्राहक चाहेंगे कि बैंक उनकी तरफ से निवेश कर दे, तो बैंक ऐसा भी करेगा।
उन्होंने बताया कि इस सेवा के लिए इस क्षेत्र के विशेषज्ञ लोगों की अलग टीम बनायी गई है। फिलहाल इसके लिए देश भर में 37 केंद्र खोले गए हैं। इन्हीं केन्द्रों के जरिये देश भर की शाखाओं के ग्राहकों को इस सेवा का लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में यह सेवा देने वाला स्टेट बैंक पहला है।
मेरे नाम पर अटकलबाजी: अरुंधति
एसबीआई प्रमुख अरुंधति भट्टाचार्य ने कहा कि यह मीडिया की अटकलबाजी है कि आरबीआई गवर्नर पद के लिए उनके नाम पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं कुछ नहीं बोल रही हूं।
आपलोग अटकलें लगा रहे हैं। वर्तमान गवर्नर रघुराम राजन का कार्यकाल चार सितंबर को समाप्त होने जा रहा है। राजन ने कहा है कि वह दूसरी पारी नहीं चाहते हैं।
कथित तौर पर अगले गवर्नर के लिए अरुंधति के साथ-साथ आर्थिक सचिव शक्तिकांत दास, मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मण्यम और आरबीआई के मौजूदा डिप्टी गवर्नर उर्जित पटेल के नाम पर विचार किया जा रहा है।