रेपो रेट स्थिर, पर इन बैंकों ने की MCLR में कटौती, आपको होगा फायदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। रेपो दर को 4 फीसदी पर पूर्ववत रखा गया है। लेकिन इसके बावजूद कई बैंकों ने सीमांत लागत आधारित ब्याज दर (एमसीएलआर) में कटौती कर ग्राहकों को लाभ दिया है। एमसीएलआर में कमी से कर्जदारों का बोझ कम होगा। आइए जानते हैं किन बैंकों ने ग्राहकों के लिए लोन सस्ता किया है।
एचडीएफसी बैंक
देश ने सबसे बड़े निजी बैंक एचडीएफसी बैंक ने कर्ज पर ब्याज दरें घटाई हैं। बैंक ने एमसीएलआर में 0.10 फीसदी की कटौती की है। नई दरें 7 अगस्त 2020 से प्रभावी हो गई हैं। पिछले महीने भी बैंक ने सभी अवधि के लोन पर एमसीएलआर में 0.20 फीसदी की कटौती की थी। ताजा कटौती के बाद एचडीएफसी बैंक के एक दिन के एमसीएलआर घटकर 7 फीसदी रह गए हैं। एक महीने के एमसीएलआर कम होकर 7.05 फीसदी हो गए हैं। एक साल के एमसीएलआर अब 7.35 फीसदी रह गए हैं।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने चुनिंदा परिपक्वता अवधि वाले ऋणों के लिए एमसीएलआर में 0.20 फीसदी तक की कटौती की है। पुणे स्थित इस बैंक द्वारा एमसीएलआर में लगातार पांचवीं बार कटौती की गई है। एक साल की एमसीएलआर को 0.10 फीसदी घटाकर 7.50 से 7.40 फीसदी किया गया है। एक दिन की एमसीएलआर को सात से घटाकर 6.80 फीसदी किया गया है। इस तरह एक माह की एमसीएलआर को 7.10 से घटाकर 6.90 फीसदी किया गया है।
एमसीएलआर के अलावा बैंक ने किसानों तथा खुदरा ग्राहकों को दिए जाने वाले कर्ज पर ब्याज दर में कटौती की है। किसानों को कृषि स्वर्ण ऋण अब एक साल के लिए 7.40 फीसदी की एमसीएलआर पर मिलेगा। पहले यह दर 7.80 फीसदी थी।
केनरा बैंक
सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक ने विभिन्न अवधि के लिए अपने एमसीएलआर में 0.30 फीसदी तक की कटौती की। केनरा बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि एक दिन और एक महीने की उधारी दरों में 0.20 फीसदी की कमी कर इसे सात फीसदी कर दिया गया है। तीन महीने की एमसीएलआर को 7.45 फीसदी से घटाकर 7.15 फीसदी कर दिया गया है। बैंक ने बताया कि छह महीने के एमसीएलआर को 7.50 फीसदी से घटाकर 7.40 फीसदी कर दिया गया है। एक साल के लिए एमसीएलआर को 7.55 फीसदी से कम करके 7.45 फीसदी कर दिया गया है। केनरा बैंक ने कहा कि संशोधित उधारी दरें सात अगस्त से लागू होंगी।
यूको बैंक
सार्वजनिक क्षेत्र के यूको बैंक ने भी सभी परिपक्वता अवधि वाले ऋणों के लिए एमसीएलआर में कटौती की है। इसमें 0.10 फीसदी की कमी की गई। यूको बैंक ने शुक्रवार को कहा कि संशोधित ऋण दरें 10 अगस्त से प्रभावी होंगी। इससे बैंक का एमसीएलआर से जुड़ा कर्ज सस्ता हो जाएगा।बैंक ने कहा कि एक साल की एमसीएलआर अब घटकर 7.40 फीसदी रह जाएगी। अभी यह 7.50 फीसदी है। इसी तरह तीन माह और छह माह की एमसीएलआर को भी घटाकर क्रमश: 7.05 फीसदी और 7.30 फीसदी किया गया है।
इंडियन ओवरसीज बैंक
सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) ने अपनी आधार दर 0.10 फीसदी घटाकर 9.35 फीसदी कर दी है। आईओबी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, 'बैंक की संपत्ति देनदारी प्रबंधन समिति ने आधार दर 9.45 फीसदी से कम कर 9.35 फीसदी करने का निर्णय किया है। नई दर 10 अगस्त 2020 से प्रभाव में आएगी।' आधार दर न्यूनतम ब्याज दर है, इससे नीचे बैंक ग्राहकों को कर्ज नहीं दे सकता।