लगातार तीसरे दिन एचडीएफसी की नेट बैंकिंग सेवा बंद, ग्राहक परेशान
देश के जाने-मानें बैंकों में शुमार एचडीएफसी की नेट बैंकिंग और मोबाइल एप लगातार तीसरे दिन सुबह तक ठप रहीं, जिसके चलते ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद बैंक ने सर्वर पर आई परेशानी को दूर कर दिया। बैंक ने कहा कि अत्याधिक लोगों के एक साथ बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की वजह से सर्वर धीमा हो गया था, इस वजह से ग्राहक कई सारे बैंकिंग कार्य नहीं कर पा रहे थे।
सर्वर में आई तकनीकी खराबी
इस संदर्भ में बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि सर्वर में आई तकनीकी खराबी के चलते यूजर्स बैंक की सेवाओं का उपयोग नहीं कर पाए हैं। लगातार तीसरे दिन हो रही परेशानी के चलते ग्राहक सोशल मीडिया पर भी इसकी शिकायत कर रहे हैं।
बैंक ने ट्विटर के जरिए साझा की जानकारी
एचडीएफसी बैंक ने अपने ट्विट में कहा है कि तकनीकी खामियों के चलते हमारे ग्राहकों को मोबाइल एप में लॉग इन करने में परेशानी हो रही है। साथ ही बैंक का कहना है कि हमारी टेक्निकल टीम इस समयस्या को ठीक करने के लिए इसपर लगातार काम कर रही है। बैंक ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दिक्कत को सही कर दिया जाएगा।