त्योहारों का तोहफा: एसबीआई का होम लोन 0.45 फीसदी सस्ता, प्रोसेसिंग शुल्क भी नहीं लगेगा
एसबीआई ने बृहस्पतिवार को कहा कि अब तक कोई ग्राहक 75 लाख रुपये से ज्यादा का होम लोन लेता था, तो उसे 7.15 फीसदी की दर से ब्याज देना पड़ता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एसबीआई ने त्योहारी सीजन में मकान खरीदारों को बड़ी राहत देते हुए होम लोन की ब्याज दर 0.45 फीसदी घटा दी है। बैंक ने आसान कर्ज उपलब्ध कराने के लिए क्रेडिट स्कोर लिंक्ड होम लोन की पेशकश की है। इसमें प्रोसेसिंग शुल्क भी नहीं वसूला जाएगा।
एसबीआई ने बृहस्पतिवार को कहा कि अब तक कोई ग्राहक 75 लाख रुपये से ज्यादा का होम लोन लेता था, तो उसे 7.15 फीसदी की दर से ब्याज देना पड़ता था। कटौती के बाद अब किसी भी रकम के होम लोन पर शुरुआती ब्याज दर 6.70 फीसदी होगी। इस तरह, अगर कोई ग्राहक 30 वर्ष के लिए 75 लाख रुपये का होम लोन लेता है तो उसे कुल 8,13,477 रुपये की बचत होगी। मौजूदा होम लोन बैलेंस ट्रांसफर कराने वाले ग्राहकों पर भी यही ब्याज दरें लागू होंगी।
गैर वेतनभोगी को राहत
एसबीआई ने एक और राहत देते हुए वेतनभोगी व गैर-वेतनभोगी के लिए ब्याज दरों के बीच अंतर खत्म कर दिया है। पहले गैर-वेतनभोगी ग्राहक को वेतनभोगियों के मुकाबले 0.15 फीसदी ज्यादा ब्याज देना पड़ता था। अब क्रेडिट स्कोर लिंक्ड पेशकश में दोनों तरह के ग्राहकों के लिए शुरुआती ब्याज दर 6.70 फीसदी ही होगी। एसबीआई के एमडी (रिटेल एंड डिजिटल बैंकिंग) सीएस शेट्टी ने कहा कि त्याहोरी सीजन में ब्याज दर को आकर्षक बनाने की हमने हरसंभव कोशिश की है।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी 0.25 फीसदी घटाया ब्याज
त्योहारी सीजन को देखते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने खुदरा ग्राहकों के लिए होम लोन और कार लोन पर ब्याज दरों में 0.25 फीसदी कटौती की है। इसके साथ ही होम लोन पर प्रोसेसिंग शुल्क में पूरी तरह छूट की घोषणा की है। बैंक ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि इस कटौती के साथ ग्राहकों के लिए होम लोन पर सालाना ब्याज दर 6.75 फीसदी से शुरू होगी। वहीं, कार लोन के लिए शुरुआती ब्याज दर 7 फीसदी होगी।
30 साल में ऐसे बचेंगे 8.13 लाख रुपये
| ब्याज दर | 7.15 फीसदी | 6.70 फीसदी |
| लोन रकम | 75 लाख रुपये | 75 लाख रुपये |
| ब्याज | 1,07,35,982 रुपये | 99,22,505 रुपये |
| कुल देय राशि | 1,82,35,982 रुपये | 1,74,22,505 रुपये |
| मासिक ईएमआई | 50,656 रुपये | 48,396 रुपये |
| कुल बचत | 8,13,477 रुपये | (पूरी अवधि में) |
पीएनबी का होम लोन 0.5 फीसदी सस्ता, सभी शुल्क में पूरी छूट
पीएनबी ने 50 लाख से ज्यादा का होम लोन पर 0.5 फीसदी सस्ता कर दिया है। त्योहारी सीजन में ग्राहक 6.60 फीसदी की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन ले सकते हैं।
बैंक ने सभी तरह के लोन पर प्रोसेसिंग शुल्क सहित हर प्रकार का शुल्क भी खत्म कर दिया है। बैंक 7.15 फीसदी शुरुआती दर से ऑटो लोन भी दे रहा है। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक ने भी होम लोन पर ब्याज दर में 0.15 फीसदी कटौती की घोषणा की है। बैंक के ग्राहक 6.50 फीसदी ब्याज दर पर होम लोन ले सकते हैं।