40 सालों बाद छोटे से टापू पर पहली बार हुई चोरी!
स्कॉटलैंड के एक द्वीप में 40 साल बाद एक दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। इस हेबरीडिन द्वीप के काना टापू में केवल 26 लोग रहते हैं और यहां बस एक दुकान है।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह दुकान बिना किसी की निगराने के भी 24 घंटों खुली रहती है और इससे पहले पिछले चार दशकों में यहां कभी कोई चोरी नहीं हुई।
चोरों ने इस दुकान से मिठाइयां, चॉकलेट, कॉफी, बिसकुट और कई अन्य चीजें उड़ा लीं हैं। इस चोरी ने द्वीप के निवासियों को भौंचक्का कर दिया है क्योंकि यहां क्राइम रेट जीरो है। यहां न तो कोई पुलिस स्टेशन है और न ही एक भी हवलदार।
दुकान के मालिकों का कहना है कि अब वह इस दुकान में रात में ताला डाल कर रखने पर विचार कर रहे हैं क्योंकि इससे पहले आज तक यह दुकान 24 घंटों खुली रहती थी ताकि वहां से गुजरने वाले मछुआरों और नाविकों को वाई-फाई, चाय या और किसी भी चीज की जरूरत हो तो वे इस्तेमाल कर सकें।
लोग इतने ईमानदार कि दुकान पर नहीं लगता ताला
यह दुकान ईमादारी के सिंद्धांत पर चलती है। यहां एक ऑनेस्टी बॉक्स और एक रजिस्टर रखा होता है जिसमें रात में आने वाले लोग, यहां से कुछ भी खरीदने के बाद उस बॉक्स में पैसे डाल कर और रजिस्टर में लिख कर चले जाते हैं।
लेकिन पिछले 40 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी ने दुकान से इतना सारा सामान चुराया और बिना पैसे देकर चला गया।
इस चोरी से लोग काफी घबराए हुए हैं और सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि ऐसा दोबारा भी हो सकता है।
एक व्यक्ति ने बताया कि यह बहुत आश्चर्यजनक है क्योंकि आखिरी बार यहां बेइमानी का मामला 1960 में सामने आया था। उस वक्त यहां के रूहू चर्च से लकड़ी की एक प्लेट गायब हुई थी। न वह प्लेट आज तक मिली, न वह मामला सुलझा।
टोपी और चॉकलेट चुरा ले गए चोर
यह दुकान काना टापू समुदाय विकास ट्रस्ट की है और इसे वॉलेन्टियर ही चलाते हैं। अपने साथी स्टीवर्ट कॉनर के साथ इस दुकान को चलाने वाली मिस मेककेब का कहना है,'' हम सब बुहत सदमे में हैं। मैं जब वहां पहुंची तो देखा कि बहुत सी चीजें गायब थीं। सारी मिठाइयां भी साफ हो चुकी थीं।''
उन्होंने बताया कि दुकान से एक भी पैसा नहीं चुराया गया लेकिन जो किराने का सामान गायब हुआ है उसकी कीमत 200 यूरो यानी करीब 14,422 रुपए है। चोरों ने हाथ से बुनी हुई तीन ऊनी टोपियां भी चुराई हैं।
महिला ने कहा,'' मुझे बहुत दुख है कि किसी ने हमारे समुदाय में रह कर ऐसा किया। अब हमें दुकान को रात में बंद करने के बारे में सोचना पड़ेगा।'' उन्होंने बताया कि वे सीसीटीवी कैमरा लगाने के बारे में भी सोच रहे हैं लेकिन वे ऐसा नहीं करना चाहते क्योंकि फिर यह चली आ रही ईमानदारी की परंपरा के खिलाफ होगा।
40 साल में पहली चोरी
मेनलैंड के सामुदायिक पुलिस को इसकी सूचना दी गई है और वे मामले की जांच करेंगे। वहां के काउंसिल बिल क्लार्क ने कहा,'' मुझे यकीन नहीं हो रहा कि ऐसा हुआ है। ये जरूर पर्यटक रहे होंगे। इस टापू में ऐसा सुनने को नहीं मिलता।''
स्कॉटलैंड की पुलिस का कहना है कि वे काना में पुलिस अफसरों को नहीं भेजेगी बल्कि सिर्फ फोन पर हीं जांच पड़ताल करेगी। इसके लिए वहां के निवासियों और चोरी के वक्त वहां मौजूद रहे नाविकों से भी पूछताछ की जाएगी।
2009 में भी टापू के लोगों को एक साथ एक बड़ी घटना तब घटी थी जब वहां के एक पूर्व कॉस्टेबल पैट्रिक मेककिनन को वहां की महिलाओं के साथ शराब पी कर छेड़छाड़ करने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया था।
उसी साल 49 वर्षीय इस आदमी ने अपने घर में फांसी लगा कर खुदखुशी कर ली थी। कोर्ट में वजह बताई गई थी कि द्वीप के निवासी मेककिनन की हरकतों से इतने परेशान हो गए थे कि वे उसकी पत्नी से इस बारे में बात करने वाले थे।