माइकल जैक्सन के डांस का खुल गया राज, खड़े-खड़े अपने शरीर को 45 डिग्री कोण में झुका देते थे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डांस करने वाला या माइकल जैक्सन को पसंद करने वाला कौन-सा व्यक्ति ऐसा होगा जिसने उनके जाने माने डांस स्टेप की नकल करने की कोशिश नहीं की होगी?
लेकिन 1987 में जारी म्यूजिक वीडियो 'स्मूथ क्रिमिनल' में माइकल जैक्सन ने जो डांस स्टेप किया था वो करना किसी के लिए आसान कतई नहीं है। इस स्टेप में माइकल जैक्सन सीधे खड़े रहते हैं और वो इसी मुद्रा में अपने शरीर को 45 डिग्री के कोण में आगे की तरफ झुकाते हैं।
वैज्ञानिक हमेशा से इस बात की चर्चा करते रहे हैं कि माइकल जैक्सन ऐसा कैसे कर पाते थे? दरअसल न्यूरोसर्जनों की एक टीम ने जैक्सन के इस डांस स्टेप का अध्ययन किया है। उनका कहना है कि उनके डांस का राज उनके जूतों में था जो उनके पैरों को जरूरी ताकत देता था।
जर्नल ऑफ न्यूरोसर्जरी में प्रकाशित अपने शोध में मंजुल त्रिपाठी और चंडीगढ़ के ग्रैजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड मेडिकल रिसर्च के उनके साथी कहते हैं कि, 'कई अच्छे डांसर, जिनके पैर काफी मजबूत होते हैं वो भी इस स्टेप को करते वक्त केवल 25 या फिर अधिकतम 30 डिग्री के कोण मे ही झुक सकते हैं। लेकिन माइकल जैक्सन इस स्टेप में 45 डिग्री का कोण आसानी से बना लेते थे।'
किसी ने उनकी नकल करने की कोशिश भी की तो उन्होंने महसूस किया होगा कि ऐसे करते वक्त टांगों से पिछले हिस्सों की मांसपेशियों पर अधिक दवाब पड़ता है लेकिन रीढ़ की हड्डी़ पर उतना दवाब नहीं पड़ता।
मंजुल त्रिपाठी कहते हैं कि इस कारण माइकल जैक्सन की सबसे बेहतर नकल करने वाले के लिए आगे की तरफ ठीक उनकी तरह झुकना लगभग नामुमकिन है। लेकिन जैक्सन के लिए ऐसा करना आसान था क्योंकि उनके लिए इस कारनामे को अंजाम देने के लिए खास जूते थे।
उनके जूतों में वी-आकार का एक टुकड़ा लगा होता था जो जमीन से निकली एक कील पर ठीक से फिट हो जाता था। इस कारण जैक्सन सामने की तरफ आसानी से झुक पाते थे।
लेकिन इससे पहले उन्हें ऐसा करने के लिए कमर पर बांधने वाली सुरक्षा रस्सियों की जरूरत होती थी। माना जाता है कि माइकल जैक्सन और हॉलीवुड में काम कर चुके उनके दो साथी अमरीकी अंतरिक्षयात्रियों के लिए बनाए गए ख़ास जूतों से प्रेरित थे। ये जूते किसी भी सतह पर आसानी से चिपक जाते थे और शून्य गुरुत्वाकर्षण की स्थिति में भी व्यक्ति को सतह पर ही रखने में मदद करते थे।
मंजुल त्रिपाठी कहते हैं, 'माइकल जैक्सन के कई फैन और खुद हमने भी उनके इस स्टेप की नकल करने की कई बार कोशिश की है लेकिन हर बार हम गिर पड़े।'
'ये करना आसान नहीं। आपकी टांगों के साथ-साथ आपकी कमर की मांसपेशियां भी इसका दवाब झेलने के लिए तैयार होनी चाहिए।'