ये है बेकार नोटों के खजाने के बादशाह, मिलिए इनसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अधिकतर लोगों के लिए कटे-फटे नोट या टूटे-फूटे सिक्के किसी काम के नहीं होते लेकिन अमृतसर के रहने वाले शांति स्वरूप के लिए ये किसी खज़ाने से बढ़कर हैं।
उनके पास आकर्षक सीरियल नंबरों वाले दुर्लभ, ग़लत छपे, ख़राब हो गए नोटों और सिक्कों का एक बड़ा ज़खीरा है।
उनके खज़ाने में 150 से अधिक देशों के पुराने सिक्के और विभिन्न देशों के करेंसी नोट हैं।
इन नोटों और सिक्कों को सरकारी मानकों के अनुसार टकसाल में उनके निर्माण के समय ही टकसाल से हासिल किया गया है।
नहीं पता था बन जाएगी पहचान
शांति स्वरूप को बचपन से ही इसका शौक रहा है और तब उन्हें इस बात का अहसास नहीं था कि एक दिन उनका यही शौक उन्हें सबसे अलग पहचान देगा।
शांति स्वरूप ने बताया कि दोस्त और रिश्तेदार उनकी खातिर इन अनोखी चीज़ों के लिए अपनी आंखें खुली रखते हैं और कलेक्शन के लिए नोट और सिक्के लगातार भेजते रहते हैं।
इनके खज़ाने में ऐसे नोट हैं जिनमें दोहरी छाप है, अस्पष्ट संख्या या शब्द है या कुछ प्रिंटिंग ग़लतियां हैं।
इसके अलावा ग़लत कटिंग के कारण कुछ बड़े नोट जो छोटे हो गए, कुछ में सिलवटें पड़ गईं, कुछ की एक तरफ़ छपाई हुई और बेकार हो गए सिक्के भी इस संग्रह में शामिल हैं। इनमें एक, दो से लेकर 500 रुपये तक के नोट हैं।
सात अंकों का सीरियल नंबर
शांति स्वरूप को एक से लेकर 786 तक सीरियल नंबर वाले करेंसी नोट रखने के लिए लिम्का बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स में भी जगह मिली है. इनकी क़ीमत 40,000 रुपये से ज़्यादा है।
उनके पास सात अंकों के सीरियल नंबर 10,00,000 वाला नोट भी है।
शांति स्वरूप कहते हैं, ''सात अंकों वाला ये नोट आम चलन में बहुत कम मिलता है, क्योंकि संग्रह करने वाले इसे तुरंत अपने पास रख लेते हैं।''
पत्नी देती हैं पूरा साथ
उनकी पत्नी वीना स्वरूप ने बताया कि उन्हें अपने पति पर गर्व है और जब भी मौका मिलता है उनके खज़ाने में कुछ और जोड़ना उन्हें पसंद है।
वो कहती हैं कि यह बहुत महंगा शौक है लेकिन उनके पति परिवार की ज़रूरतों को हमेशा पूरा करते हैं।
उन्होंने कहा, "अलग अलग किस्म की करेंसी इकट्ठा करने का सबसे बड़ा ज़रिया उनकी दुकान है, जहां लोग कभी-कभार उनसे खराब नोटों को बदलवाने के लिए आते हैं।"
उनके पास 111111 से लेकर 999999 तक और 100000 से 1000000 की फैशनेबल सीरियल नंबरों वाले नोट हैं।
इस तरह के सिक्कों के लिए स्वरूप का शौक अभी भी बना हुआ है और इस तरह के बेकार के नोटों पर उनकी नज़र हमेशा बनी रहती है।