वायरल वीडियो: चाय-पानी के नाम पर मांगे 1000 रुपये? ट्रक ड्राइवर ने ऐसा जवाब दिया कि देखते रह गए पुलिसवाले
Viral Video: गुजरात के बनासकांठा जिले के थराद चेकपोस्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक ट्रक ड्राइवर पुलिसकर्मी के चाय-पानी मांगने पर उसे असली चाय का कप थमा देता है। इसके बाद वह कैमरे के सामने ही पुलिसकर्मियों से सवाल पूछने लगता है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जिन्हें देखकर लोग हंसने के साथ-साथ कई सवाल भी उठाने लगते हैं। कुछ ऐसा ही एक वीडियो गुजरात के बनासकांठा जिले के थराद चेकपोस्ट का बताया जा रहा है। यहां एक ट्रक ड्राइवर ने पुलिसकर्मी के कथित चाय-पानी मांगने पर ऐसा जवाब दिया कि मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में ड्राइवर की हाजिरजवाबी देखकर लोग खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं। तो आइए विस्तार से जानते हैं।
चाय-पानी मांगने पर ड्राइवर ने थमा दिया चाय का कप
वायरल वीडियो के मुताबिक थराद चेकपोस्ट पर एक ट्रक को रोक लिया जाता है। इसके बाद ड्राइवर पुलिसकर्मी से पूछता है कि साहब, कितना देना है? इस पर पुलिसकर्मी कथित तौर पर 500 या 1,000 रुपये देने की बात कहता है। ड्राइवर इस बातचीत को अपने अनोखे अंदाज में आगे बढ़ाता है। वीडियो में ड्राइवर अपने ट्रक के केबिन से चाय का कप निकालता है और पुलिसकर्मी की तरफ बढ़ा देता है। वह मजाकिया अंदाज में कहता है कि साहब, चाय तो नीचे है और पानी ऊपर। ड्राइवर के इस जवाब से वहां मौजूद पुलिसकर्मी कुछ पल के लिए हैरान नजर आता है। हालांकि, वीडियो में आगे पैसे लिए जाने का भी दावा किया जा रहा है।
📍थराद, गुजरात ‘चाय-पानी’ माँगा तो ड्राइवर ने सच में चाय थमा दी! ☕ वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी पर ₹500–₹1,000 माँगने का आरोप है। 🚨 @GujaratPolice @CMOGuj वीडियो की जाँच करिए और आरोप सही मिलने पर कार्रवाई कीजिए। चेकपोस्ट पर वसूली क्यों? #Gujarat आधिकारिक हैंडल जाँचे गए हैं।
— खुरपेंची ढांचे (@Khurpenchinfra) October 22, 2026
कैमरा चालू कर पुलिसकर्मियों से पूछे सवाल
इस वीडियो में एक और बात लोगों का ध्यान खींच रही है। ड्राइवर ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया। चाय देने के बाद वह ट्रक से नीचे उतरता है और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों तथा अधिकारियों से सवाल करने लगता है। वह पूछता है कि आखिर किस बात के पैसे मांगे जा रहे हैं? क्या चाय-पानी का मतलब सच में चाय-पानी है या फिर गाड़ी चालकों से 500 से 1000 रुपये लिए जाते हैं? वह पुलिसकर्मियों की वर्दी पर नेम प्लेट नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर चर्चा
यह वीडियो एक्स पर शेयर किया गया है। इसके बाद से ही लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ड्राइवर की हाजिरजवाबी की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ ने चेकपोस्ट पर कथित वसूली को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना जरूरी है। फिलहाल ड्राइवर का चाय वाला जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
लाइक्स और व्यूज के चक्कर में भूल गया जान की परवाह, चलती बाइक पर स्टंट करते हुए सड़क पर गिरा शख्स
वायरल वीडियो: पैन कार्ड गले में लटकाया, बन गया फर्जी टीटीई! यात्रियों से वसूले पैसे, फिर जो हुआ...