Viral Post: मैगी को लेकर मेडिकल कॉलेज में मचा बवाल, डंडे- रॉड चले और एक छात्र सीधा ICU में पहुंचा
Viral Post: भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में गुरुवार देर रात माहौल तब बिगड़ गया, जब AIIMS रेटिना फेस्ट से लौटे कुछ मेडिकल स्टूडेंट्स कैफे में खाना खाने पहुंचे। जल्दी मैगी बनाने को लेकर शुरू हुई छोटी–सी बहस देखते ही देखते तेज झगड़े में बदल गई।
विस्तार
यह बात सच है कि आजकल झगड़े- फसाद की खबरें रोजाना न्यूज चैनलों और अखबारों में दिख जाती हैं। कभी पैसों को लेकर बहस हो जाती है, तो कभी जमीन- जायदाद के चक्कर में लोग भिड़ जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी यह सोचा था कि मैगी जैसी छोटी सी चीज किसी बड़े झगड़े की वजह बन सकती है? भोपाल में मेडिकल कॉलेज के कुछ छात्रों ने ये भी कर दिखाया। इतनी मामूली बात पर मामला इतना बिगड़ गया कि एक छात्र को आईसीयू तक पहुंचाना पड़ा। यह घटना जितनी अजीब लगती है, उतनी ही हैरान करने वाली भी है। आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह घटना
भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में गुरुवार देर रात माहौल अचानक गर्म हो गया। बताया जाता है कि AIIMS भोपाल के रेटिना फेस्ट से लौटने के बाद मेडिकल स्टूडेंट्स का एक ग्रुप कैफे में कुछ खाने पहुंचा था। सभी थके हुए थे और जल्दी कुछ खाना चाहते थे। ऐसे में किसकी मैगी पहले बननी चाहिए, इस बात को लेकर शुरू हुई छोटी सी बहस धीरे-धीरे तू-तू, मैं-मैं में बदल गई। वहीं मौजूद कुछ छात्रों पर आरोप है कि वे नशे में थे, जिसकी वजह से बात और भड़क गई।
मैगी के लिए हुई भयंकर लड़ाई
कहासुनी बढ़ती गई और कुछ ही मिनटों में डे-स्कॉलर और हॉस्टलर्स दो गुटों में बांटकर एक-दूसरे के सामने खड़े हो गए। जो बातें सिर्फ शब्दों तक सीमित होनी चाहिए थीं, वो अचानक हाथापाई तक पहुंच गईं। मामला इतना बढ़ा कि कैफे से निकलकर झगड़ा कॉरिडोर और फिर कॉलेज परिसर तक फैल गया। रॉड, डंडे और कुर्सियां चलने की खबरें सामने आईं, जिसे देखकर कोई भी सोच सकता है कि आखिर एक प्लेट मैगी किस तरह इतनी बड़ी वजह बन सकती है।
दो छात्र गंभीर रूप से हुए घायल
इस झगड़े में कई छात्रों को चोटें आईं। कुछ के सिर पर तो कुछ के हाथों पर गहरी चोट लगी। लड़ाई इतनी उग्र हो गई कि दो छात्र गंभीर रूप से घायल हुए। उनमें से एक की हालत इतनी खराब हो गई कि उसे तुरंत ICU में भर्ती करना पड़ा। यह सुनकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि विवाद कितना खतरनाक रूप ले चुका था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन पर दबाव बढ़ गया और GMC ने तुरंत कदम उठाते हुए आपात बैठक बुलाई। बैठक में आरोपित 15 छात्रों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इतना ही नहीं हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को कमरे खाली करने तक का आदेश जारी कर दिया गया। कॉलेज प्रशासन ने साफ-साफ कहा कि कैंपस में हिंसा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।