ह्यूंदै बेयोन या मारूती विक्टोरिस: फीचर्स और कीमत में कौन सी कार है असली 'बॉस'? दोनों में है तगड़ा मुकाबला
- Hyundai Bayon आज लॉन्च हो गई है। इसकी सीधी टक्कर मारूती विक्टोरिस से है।
- Hyundai Bayon 9.99 लाख से शुरू होती है, जबकि Maruti Victoris की रेंज 10.50 से 19.99 लाख तक है।
- Bayon अभी सिर्फ पेट्रोल में है, जबकि Victoris में हाइब्रिड और CNG के विकल्प पहले से हैं।
विस्तार
Hyundai की नई मिड-साइज SUV बेयोन के लॉन्च के साथ ही Maruti Suzuki की विक्टोरिस से सीधी टक्कर शुरू हो गई है। दोनों SUV का व्हीलबेस 2600 मिमी है, लेकिन कीमत, इंजन के विकल्प और सेफ्टी रिकॉर्ड में अंतर साफ दिखता है।
बेयोन विक्टोरिस से कीमत में सस्ती
बेयोन की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये है। विक्टोरिस 10.50 लाख से 19.99 लाख रुपये एक्स-शोरूम तक में मिलती है। यानी एंट्री लेवल पर बेयोन करीब 51000 रुपये सस्ती है। हालांकि बेयोन की वेरिएंट-वार कीमतें अभी स्पष्ट नहीं हैं, इसलिए टॉप मॉडल की तुलना अभी संभव नहीं।
साइज में विक्टोरिस बड़ी पर बेयोन ज्यादा चौड़ी
बेयोन की लंबाई 4245 मिमी, चौड़ाई 1810 मिमी और ऊंचाई 1605 मिमी है। विक्टोरिस 4360 मिमी लंबी, 1795 मिमी चौड़ी और 1655 मिमी ऊंची है। यानी विक्टोरिस लंबाई में करीब 115 मिमी बड़ी है, जबकि बेयोन चौड़ाई में 15 मिमी आगे है। ग्राउंड क्लीयरेंस में भी दोनों करीब हैं। बेयोन का 205 मिमी और विक्टोरिस का 210 मिमी ग्राउंड क्लियरयंस है।
इंजन में विक्टोरिस के पास ज्यादा ऑप्शन
- बेयोन: इसमें 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन है, जो 115 bhp और 144 Nm देता है, साथ में 6-स्पीड मैनुअल और iVT ऑटोमैटिक का विकल्प है। कंपनी के मुताबिक माइलेज 18.6 किमी/लीटर तक है और CNG वेरिएंट जनवरी 2027 में आएगा।
- विक्टोरिस: इसमें 1.5 लीटर माइल्ड हाइब्रिड पेट्रोल 103 PS, 137 Nm टॉर्क और ज्यादा ताकतवर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड 116 PS, 141 Nm टॉर्क का विकल्प है। इसके साथ अंडरबॉडी CNG टैंक वाला S-CNG वेरिएंट भी मौजूद है और माइलेज 19.07 से 28.65 किमी तक बताया गया है। यानी जो खरीदार ज्यादा माइलेज या CNG चाहते हैं, उनके लिए विक्टोरिस अभी ज्यादा तैयार विकल्प है।
फीचर्स में बेयोन का दांव AI और स्क्रीन पर
बेयोन में 12.3 इंच की दो स्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ, Bose साउंड सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और जनरेटिव AI आधारित वॉयस असिस्टेंट है, जिसे कंपनी Hyundai की भारत में पहली गाड़ी में बता रही है। विक्टोरिस में 10.1 इंच का टचस्क्रीन और ADAS मिलता है, साथ में पावर्ड टेलगेट और 64-कलर एम्बिएंट लाइटिंग भी है।
सेफ्टी में कौन आगे?
विक्टोरिस पहले ही Bharat NCAP और Global NCAP, दोनों में 5-स्टार रेटिंग पा चुकी है। बेयोन में 6 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा और टॉप वेरिएंट में लेवल-2 ADAS है, लेकिन Bharat NCAP के नतीजे साल के अंत तक आने की उम्मीद है। फिलहाल बेयोन के 5-स्टार दावे कंपनी के लक्ष्य हैं, नतीजे नहीं।
किसे चुनना आपके लिए बेहतर?
कम बजट में ज्यादा तकनीक और AI फीचर्स चाहने वालों के लिए बेयोन दिलचस्प है। ज्यादा माइलेज, हाइब्रिड/CNG विकल्प और साबित सेफ्टी रेटिंग चाहने वालों के लिए अभी विक्टोरिस आगे दिखती है। फैसला बेयोन के असली माइलेज और क्रैश टेस्ट नतीजों के बाद ज्यादा साफ होगा।