स्विट्जरलैंड में फोक्सवैगन कारों पर अस्थाई प्रतिबंध
स्विट्जरलैंड ने जर्मन कार कंपनी फोक्सवैगन के डीजल इंजन मॉडलों की बिक्री पर अस्थाई रोक लगा दी है। दुनिया की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ये स्वीकार कर चुकी है कि अमरीका में हुए उत्सर्जन परीक्षण में उसने धोखाधड़ी की है और इन कारों में उत्सर्जन परीक्षण को चकमा देने वाला सॉफ्टवेयर लगा है।
माना जा रहा है कि स्विट्ज़रलैंड के क़दम से उन 180,000 कारों पर असर पड़ेगा जो अभी बिकी नहीं हैं और जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है। ये यूरो-5 एमिशन कैटगरी वाली कारें हैं। हालांकि बिक्री पर लगी यह पाबंदी उन कारों पर लागू नहीं होगी जो सर्कुलेशन में हैं या जिनमें यूरो-6 एमिशन कैटगरी के इंजन लगे हुए हैं।
प्रदूषण के स्तर की सही जानकारी नहीं देता
विवाद के बीच मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्टिन विंटरकोर्न के बुधवार को इस्तीफा दे दिया था और उनकी जगह मैथियास म्यूलर को नियुक्त किया गया है।
स्विट्ज़रलैंड के संघीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने शुक्रवार को पाबंदी की घोषणा की। इससे 1.2 लीटर, 1.6 लीटर और 2.0 लीटर डीजल इंजन वाली कारें प्रभावित होंगी जिनमें ऑडी, सीट और स्कोडा ब्रांड शामिल हो सकते हैं।
स्विस अधिकारियों ने मामले की तह तक जाने के लिए एक टास्क फ़ोर्स का भी गठन किया है। अमरीकी अधिकारियों ने आरोप लगाया था कि कारों में एक ख़ास तरह का सॉफ़्टवेयर लगा है जो प्रदूषण के स्तर की सही जानकारी नहीं देता।
इस यंत्र की मदद से ये कारें मानक स्तर से 40 गुना अधिक प्रदूषण फैलाने के बावजूद प्रयोगशाला की जांच में पास हो जाती हैं।