मजबूत सरकार आने से कार बाजार में आए अच्छे दिन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार दो महीने कारों की बिक्री गिरने के बाद मई में कारों की बिक्री में इजाफा हुआ है। मई में कारों की बिक्री 3.06 फीसदी बढ़ी है। इंडस्ट्री के अनुसार मजबूत सरकार आने और अंतरिम बजट में उत्पाद शुल्क में कटौती के कारण बिक्री पर सकारात्मक असर हुआ है।
ऐसे में इंडस्ट्री मोदी सरकार से उत्पाद शुल्क में कटौती आम बजट में जारी रखने की उम्मीद कर रही है। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चर्स (सिआम) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक मई के महीने में देश में 1,48,577 कारों की बिक्री हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 1,44,123 कारों की बिक्री हुई थी।
दुपहिया वाहनों की बिक्री में 16.3 फीसदी का इजाफा
इसके पहले मार्च के महीने में 5.08 फीसदी और अप्रैल में 10.15 फीसदी बिक्री में गिरावट दर्ज की गई थी। गिरावट पर सिआम के डायरेक्टर जनरल विष्णु माथुर ने संवाददाताओं से कहा कि माहौल में सुधार हुआ है। ग्राहकों की फुटफॉल अब बिक्री में तब्दील हो रही है। हालांकि अभी यह कहना मुश्किल है कि बिक्री में तेजी रिवाइवल का संकेत है।
माथुर के अनुसार आगामी बजट में हम उम्मीद कर रहे हैं कि उत्पाद शुल्क में कटौती जारी रहेगी। सिआम के अनुसार मई के महीने में दुपहिया वाहनों की बिक्री 16.3 फीसदी बढ़ी है। इस दौरान कुल 14,02,830 वाहन बिके हैं। इसी अवधि में मोटरसाइकिल की बिक्री 11.71 फीसदी बढ़ी है।
कमजोर मानसून से बिक्री गिरने का डर
मानसून के कमजोर रहने की संभावना से इंडस्ट्री को बिक्री पर नकारात्मक असर होने की आशंका है। इंडस्ट्री के अनुसार यदि मानसून सामान्य नहीं रहता है तो छोटी कारों और बाइक की बिक्री गिर सकती है।