रुद्रपुर शहर के वार्ड संख्या 16 स्थित बगवाड़ा में प्राचीन महाकाल मंदिर की सूरत जल्द बदलेगी। मंदिर के जीर्णाेद्धार और सौंदर्यीकरण के साथ यहां श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मेयर विकास शर्मा ने पार्षद प्रमोद शर्मा और वार्डवासियों की मांग पर मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर इसके जीर्णाेद्धार की बात कही। उन्होंने बताया कि मंदिर के कार्यों के लिए जल्द टेंडर जारी कर निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही बगवाड़ा गांव की मुख्य सड़क, भट्ठा क्षेत्र की सड़कों और तपस्या विहार स्थित मंदिर में टाइल्स लगाने सहित अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा। कहा कि बगवाड़ा का प्राचीन महाकाल मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। स्थानीय लोगों की इस मंदिर से गहरी आस्था जुड़ी हुई है और श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर का जीर्णाेद्धार कर इसे बेहतर स्वरूप देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मंदिर का सौंदर्यीकरण इस तरह कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालु यहां सुविधाजनक तरीके से पूजा-पाठ कर सकें। हाईवे के किनारे स्थित इस प्राचीन मंदिर का व्यवस्थित विकास क्षेत्र की धार्मिक पहचान को भी और मजबूत करेगा। इस दौरान परमहंस, रंजीत सिंह, राजेश साहनी, शिव कुमार, लखविंदर साहनी, प्रदीप मेहता मौजूद रहे।